समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने भी केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा, “इस नई संसद से अच्छी तो वो पुरानी संसद थी, जहाँ पुराने सांसद भी आकर मिल सकते थे। क्यों न फिर से पुरानी संसद चलें, कम-से-कम तब तक के लिए, जब तक अरबों रुपयों से बनी संसद में पानी टपकने का कार्यक्रम चल रहा है।” अखिलेश ने आगे कहा, “जनता पूछ रही है कि भाजपा सरकार में बनी हर नई छत से पानी टपकना, उनकी सोच-समझ कर बनाई गई डिजाइन का हिस्सा होता है या फिर….कुछ और।
आम आदमी पार्टी ने संसद भवन की छत से लीक हो रहे पानी से जुड़ा वीडियों जारी करते हुए लिखा, “1200 करोड़ रूपए में बनकर तैयार हुई संसद को अब 120 रूपए की बाल्टी का ही सहारा है।”
दिल्ली के कई इलाकों में हुआ जलभराव
बुधवार को हुई बारिश दिल्ली के लिए आफत बनकर आई। कई घंटों की बारिश के बाद दिल्ली के कई इलाकों पानी भर गया। गुरुवार सुबह भी दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की समस्या देखने को मिली। ओल्ड राजेंद्र नगर में राउ आईएएस कोचिंग सेंटर और अन्य संस्थानों में पानी भर गया। राउ आईएएस कोचिंग सेंटर वही संस्था जहां 27 जुलाई को कोचिंग के बेसमेंट में पानी भरने से तीन छात्रों की मौत हो गई थी। इसके अलावा दरियागंज, सरिता विहार, प्रगति मैदान, आईटीओ, पुल प्रहलादपुर सहित दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया। बारिश के कारण ख़राब हुए हालत के चलते दिल्ली में गुरूवार को सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
भारी बारिश के कारण दिल्ली के सब्जी मंडी इलाके में एक इमारत गिर गई, जिसमें छह लोगों के घायल होने की भी खबर सामने आई। भारी बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने वाली कम से कम दस उड़ानों के गंतव्य को बदलकर दूसरे एयरपोर्ट पर उतरा गया।





