शहबाज शरीफ ने आरोप लगाया कि भारतीय कार्रवाई में अब तक 26 पाकिस्तानी नागरिकों की जान गई है, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं, और 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं। उन्होंने मृतकों को ‘शहीद’ बताते हुए कहा कि पूरा पाकिस्तान उनके साथ खड़ा है।
“भारत को हर एक कतरे का हिसाब देना होगा। हमने साबित कर दिया है कि पाकिस्तान जोरदार जवाब देना जानता है,” उन्होंने कहा।
उन्होंने अंत में पाकिस्तान की सेना को सलाम करते हुए कहा कि देश को उनकी बहादुरी और बलिदान पर गर्व है।
प्रधानमंत्री शरीफ ने दिन में संसद में भी भारत की एयरस्ट्राइक से हुए नुकसान की पुष्टि की। उन्होंने दावा किया कि भारत ने मंगलवार देर रात 80 फाइटर जेट्स के जरिए पाकिस्तान के छह अलग-अलग स्थानों को निशाना बनाया। उन्होंने कहा, “हमारे पास पल-पल की जानकारी थी, लेकिन हमले की तीव्रता ने हमें भी हैरान किया। फिर भी हमारी सेनाओं ने साहसिक प्रतिक्रिया दी। शरीफ ने यह भी आरोप लगाया कि पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान ने सहयोग की पेशकश की थी, लेकिन भारत ने इसे नजरअंदाज कर दिया।
शरीफ ने कहा कि उन्होंने कई राष्ट्राध्यक्षों से संपर्क किया, वह उस समय तुर्की में थे और वहीं से भारत को भरोसा दिलाया कि वह भी जाँच में साथ देने को तैयार हैं लेकिन भारत ने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया।
उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों को कई दिनों से संकेत मिल रहे थे कि भारत कोई बड़ा कदम उठा सकता है। शहबाज शरीफ ने अपने भाषण का समापन करते हुए कहा, “हमारी सेनाएं हर चुनौती का सामना करने के लिए 24x7 तैयार हैं। हम शांति चाहते हैं, लेकिन उकसावे का जवाब ज़रूर देंगे।





