दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। यह मामला 2019 में द्वारका में सार्वजनिक धन का दुरुपयोग कर बड़े होर्डिंग्स लगाने से जुड़ा है। कोर्ट ने न केवल केजरीवाल बल्कि पूर्व विधायक गुलाब सिंह और पार्षद नितिका शर्मा को भी इस मामले में आरोपी माना है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, होली के बाद इन सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा सकती है। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है।
संजय सिंह का पलटवार: 'अगर केजरीवाल गुनहगार हैं, तो मोदी-शाह भी'
इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा,
"अगर अरविंद केजरीवाल गुनहगार हैं, तो फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सांसद प्रवेश वर्मा और मनोज तिवारी भी उतने ही गुनहगार हैं।" AAP सांसद संजय सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता शिवकुमार सक्सेना ने सार्वजनिक स्थलों पर अवैध होर्डिंग्स लगाने को लेकर द्वारका थाने में शिकायत दर्ज करानी चाही थी, लेकिन जब वहां मामला दर्ज नहीं हुआ, तो वह कोर्ट पहुंचे। कोर्ट ने इस पर संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए।
मीडिया पर भड़के संजय सिंह
संजय सिंह ने मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा,
"मीडियाकर्मियों ने इस मामले की पूरी सच्चाई नहीं दिखाई। शिकायतकर्ता ने सिर्फ अरविंद केजरीवाल के खिलाफ शिकायत नहीं की थी, बल्कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, जेपी नड्डा, मनोज तिवारी, प्रवेश वर्मा, रमेश बिधूड़ी, गुलाब सिंह यादव और कई अन्य नेताओं के नाम भी शामिल थे। लेकिन मीडिया ने भाजपा नेताओं के नाम गायब कर दिए और इस मामले को केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर तक सीमित कर दिया।"
संजय सिंह ने मीडिया से निष्पक्ष रिपोर्टिंग की अपील करते हुए कहा,
"मेरा सभी मीडिया संस्थानों से निवेदन है कि कृपया आम आदमी पार्टी को टार्गेट करके आधी-अधूरी खबरें न चलाएं। पूरी सच्चाई दिखाएं, ताकि जनता को सही जानकारी मिले।" अब इस मामले में दिल्ली पुलिस द्वारा FIR दर्ज किए जाने का इंतजार है।
Read This Also:- पीएम मोदी से मिले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन- व्यापार, रक्षा और आतंकवाद पर हुई चर्चा
Read This Also:- पीएम मोदी से मिले न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री लक्सन- व्यापार, रक्षा और आतंकवाद पर हुई चर्चा





