Molitics Logo
होम ओडिशा छात्रा कांड पर राहुल गांधी का हमला: "ये आत्महत्या नहीं, भाजपा सिस्टम की हत्या है"

ओडिशा छात्रा कांड पर राहुल गांधी का हमला: "ये आत्महत्या नहीं, भाजपा सिस्टम की हत्या है"

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, “ओडिशा में इंसाफ के लिए लड़ती एक बेटी की मौत सीधे-सीधे भाजपा के सिस्टम द्वारा की गई हत्या है।

ओडिशा छात्रा कांड पर राहुल गांधी का हमला: "ये आत्महत्या नहीं, भाजपा सिस्टम की हत्या है"
फोटो: ओडिशा छात्रा कांड पर राहुल गांधी का हमला: "ये आत्महत्या नहीं, भाजपा सिस्टम की हत्या है"
ओडिशा के बालासोर में यौन उत्पीड़न से परेशान एक कॉलेज छात्रा द्वारा आत्मदाह किए जाने के बाद सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मामले में भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे “सिस्टम द्वारा संगठित हत्या” करार दिया है। वहीं राज्य सरकार ने दो शिक्षकों को निलंबित कर दिया है और कॉलेज प्राचार्य को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

ये आत्महत्या नहीं, सिस्टम द्वारा हत्या है- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, “ओडिशा में इंसाफ के लिए लड़ती एक बेटी की मौत सीधे-सीधे भाजपा के सिस्टम द्वारा की गई हत्या है। उस बहादुर छात्रा ने यौन शोषण के खिलाफ आवाज़ उठाई, लेकिन उसे न्याय की जगह धमकाया गया, प्रताड़ित किया गया, बार-बार अपमानित किया गया। जिन पर उसकी रक्षा की ज़िम्मेदारी थी, वही उसे तोड़ते रहे।” राहुल ने आगे कहा, “ओडिशा हो या मणिपुर — देश की बेटियां जल रही हैं, टूट रही हैं और दम तोड़ रही हैं। लेकिन आप खामोश हैं।”

कॉलेज परिसर में किया था आत्मदाह

12 जुलाई को बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज की बीएड द्वितीय वर्ष की छात्रा ने कॉलेज में एक एचओडी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कॉलेज परिसर में आत्मदाह कर लिया था। छात्रा ने पहले कॉलेज प्राचार्य दिलीप कुमार घोष से शिकायत की थी, जिन्होंने खुद माना कि उन्होंने छात्रा से शिकायत वापस लेने को कहा था। प्राचार्य ने कहा था, “छात्रा मानसिक तनाव में थी, इसलिए मैंने उसे समझाने की कोशिश की। शिकायत 30 जून को की गई थी और आंतरिक शिकायत समिति की जांच प्रक्रिया चल रही थी।”

छात्रा की आत्महत्या के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लेते हुए शैक्षिक अध्ययन विभाग की सहायक प्रोफेसर समीरा कुमार साहू को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही कॉलेज प्राचार्य दिलीप कुमार घोष को भी उनके कर्तव्यों में लापरवाही के चलते निलंबित कर दिया गया। शनिवार को समीरा साहू को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सोमवार को दिलीप घोष को भी बालासोर पुलिस ने गिरफ़्तार कर एसडीजेएम कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। छात्रा की मौत के बाद ओडिशा में व्यापक विरोध प्रदर्शन हुए। मामले की गहराई से जांच के लिए उच्च शिक्षा विभाग ने एक समिति का गठन किया है, जो घटना से जुड़े हर पहलू की समीक्षा करेगी।