Molitics Logo
होम महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल! केंद्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़, FIR के लिए खुद पहुंचीं थाने

महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल! केंद्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़, FIR के लिए खुद पहुंचीं थाने

घटना जलगांव के एक मेले में हुई, जहां रक्षा खडसे की बेटी अपनी सहेलियों और सुरक्षा गार्ड के साथ मौजूद थी। जब वे एक एक्टिविटी सेंटर पर सवारी का आनंद ले रही थीं, तभी कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया।

महाराष्ट्र में कानून व्यवस्था पर सवाल! केंद्रीय मंत्री की बेटी से छेड़छाड़, FIR के लिए खुद पहुंचीं थाने
फोटो: Union Minister daughter
महाराष्ट्र के जलगांव में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां केंद्रीय मंत्री रक्षा खडसे की बेटी और उसकी सहेलियों के साथ सरेआम छेड़छाड़ की गई। घटना 28 फरवरी की है, लेकिन एफआईआर 1 मार्च को तब दर्ज की गई जब खुद केंद्रीय मंत्री को पुलिस के पास जाना पड़ा। यह मामला महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़ा करता है, खासकर जब प्रदेश में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की सरकार है।

मामला कैसे सामने आया?


घटना जलगांव के एक मेले में हुई, जहां रक्षा खडसे की बेटी अपनी सहेलियों और सुरक्षा गार्ड के साथ मौजूद थी। जब वे एक एक्टिविटी सेंटर पर सवारी का आनंद ले रही थीं, तभी कुछ युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने न केवल लड़कियों की वीडियो बनाई बल्कि ग्रुप की एक नाबालिग लड़की के साथ मारपीट भी की। जब सुरक्षा गार्ड ने रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने उस पर भी हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को तब समझा गया जब केंद्रीय मंत्री खुद एफआईआर दर्ज कराने पहुंचीं। इसके बाद ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया। रविवार को पुलिस ने एक 17 वर्षीय नाबालिग को हिरासत में लिया और एक आरोपी किरण माली को गिरफ्तार किया। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।

केंद्रीय मंत्री ने बताई आपबीती


रक्षा खडसे ने बताया, "मैं उस समय गुजरात में थी। मेरी बेटी ने फोन करके मेले में जाने की अनुमति मांगी थी, जिसके बाद मैंने उसे सुरक्षा कर्मियों के साथ जाने को कहा। वहां कुछ लड़कों ने उसका पीछा किया, धक्का-मुक्की की और वीडियो बनाकर धमकाने लगे। जब स्टाफ ने आपत्ति जताई, तो लड़कों ने और बदतमीजी की। देखते ही देखते 30-40 लोगों की भीड़ जुट गई।" उन्होंने आगे कहा, "अगर एक सांसद या केंद्रीय मंत्री की बेटी के साथ यह सब हो सकता है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा की क्या उम्मीद की जाए?" पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी अनिकेत भोई (25) का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। यह जानते हुए भी कि लड़की केंद्रीय मंत्री की बेटी है, उसने और उसके साथियों ने दुर्व्यवहार किया। चूंकि पीड़ितों में से एक नाबालिग थी, इसलिए इस मामले में पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं।

विपक्ष ने साधा सरकार पर निशाना


एनसीपी-शरद पवार गुट की राज्य अध्यक्ष रोहिणी खडसे ने कहा, "अगर केंद्रीय मंत्री की बेटी भी सुरक्षित नहीं है, तो आम महिलाओं का क्या होगा?" महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, "राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। यह घटना दिखाती है कि महाराष्ट्र में महिलाएं और लड़कियां असुरक्षित हैं।"

Read This Also:- Maharashtra: धनंजय मुंडे की कुर्सी खतरे में, सरपंच हत्याकांड से महायुति सरकार में हलचल