प्रज्वल रेवन्ना ने जारी किया था वीडियो
प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ अब तक यौन उत्पीड़न के तीन मामले दर्ज किए जा चुके हैं। इस हफ्ते हासन सीट से सांसद प्रज्वल रेवन्ना ने एक वीडियो संदेश जारी किया था, जिसमें उन्होंने 31 मई को एसआईटी के सामने पेश होने और जांच में सहयोग देने का वादा किया था। कर्नाटक में यौन शोषण के कई वीडियो वायरल होने के बाद प्रज्वल रेवन्ना अप्रैल में देश छोड़कर फरार हो गया था। जिसके बाद कर्नाटक सरकार ने जांच के लिए एसआईटी बनाई थी।
घर में काम करने वाली महिला ने लगाया था आरोप
प्रज्वल रेवन्ना पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा का पोता है। एक महीने पहले प्रज्वल रेवन्ना पर उनके घर में काम करने वाली महिला ने यौन उत्पीड़न करने के आरोप लगाए थे। इसके बाद प्रज्वल के कई महिलाओं का कथित तौर पर यौन उत्पीड़न करने वाले वीडियो क्लिप सामने आने लगे थे जिसके बाद प्रज्वल रेवन्ना देश छोड़कर जर्मनी भाग गये थे। रेवन्ना के यौन उत्पीड़न करते करीब 3000 वीडियो-फोटो एक पेन ड्राइव के जरिए सामने आए थे।
प्रज्वल के खिलाफ प्रदर्शन
यौन उत्पीड़न के आरोपों का सामना कर रहे प्रज्वल रेवन्ना के गिरफ्तारी से पहले गुरुवार को उसके खिलाफ सैकड़ों लोगों ने प्रदर्शन किया और पीड़ितों के लिए न्याय की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने ‘हासन चलो’ मार्च में शिरकत की और आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की निष्पक्ष जांच की भी मांग की। इस मार्च का आयोजन ‘नवेड्डु निलादिद्दरे’ नामक मानवाधिकार समूह द्वारा किया गया था। इसमें राज्य भर से महिलाओं, श्रमिकों, किसानों और दलितों ने हिस्सा लिया।
मोदी ने किया था प्रज्वल के लिए चुनाव प्रचार
प्रज्वल रेवन्ना एनडीए से कर्नाटक की लोकसभा सीट से उम्मीदवार है। रेवन्ना के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार भी किया था। आरोप लगने के बाद से ही प्रज्वल देश से फरार था। जबकि प्रज्वल ने अपनी यात्रा को पहले से ही निर्धारित बताया था। कांग्रेस ने बीजेपी पर एक दागी सांसद और उनकी पार्टी जनता दल (सेक्युलर) के साथ गठबंधन करने का आरोप लगाया था। अभी प्रज्वल रेवन्ना जनता दल(सेक्युलर) से निलंबित हैं।





