उल्लेखनीय है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मनोज के बच्चों ने अन्य बच्चों के साथ मिलकर उन्हें गुल्लक भेंट की थी। तब से मनोज चर्चा में थे। हाल ही में ईडी ने मनोज के इंदौर और आष्टा स्थित ठिकानों पर छापेमारी कर दस्तावेज जब्त किए थे।
कांग्रेस ने लगाए गंभीर आरोप
मनोज और उनकी पत्नी की आत्महत्या पर कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ED पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, "आष्टा के मनोज परमार को ईडी द्वारा बिना किसी कारण प्रताड़ित किया जा रहा था। मनोज के बच्चों ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान राहुल गांधी को गुल्लक भेंट की थी। ईडी के सहायक निदेशक भोपाल संजीत कुमार साहू ने मनोज के घर पर छापेमारी की।
मनोज का कहना था कि उन पर छापेमारी केवल इसलिए की गई क्योंकि वह कांग्रेस समर्थक हैं। मैंने मनोज के लिए वकील की व्यवस्था भी कर दी थी। परंतु गहरे दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मनोज इतने भयभीत थे कि उन्होंने और उनकी पत्नी ने आज सुबह आत्महत्या कर ली। मैं इस मामले में ईडी निदेशक से निष्पक्ष जांच की मांग करता हूं।"
कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी सीहोर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा, "नफरत और बदले की भावना से की गई इस कार्रवाई की मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। वित्त मंत्री सीतारमण को संसद में स्पष्टीकरण देना चाहिए कि ईडी किस प्रकार सरकारी इशारों पर लोगों की जान ले रही है। दोषी अधिकारियों के खिलाफ तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। स्वतंत्र संवैधानिक संस्थाओं के इस जानलेवा दुरुपयोग को तुरंत रोका जाए। इस दुखद घड़ी में कांग्रेस पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। हम न्याय के लिए निर्णायक संघर्ष करेंगे।"





