राष्ट्रपति ने किया था आमंत्रित
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से नरेंद्र मोदी को लगातार तीसरी बार केंद्र सरकार बनाने के लिए आमंत्रित किया। यह घटनाक्रम बीजेपी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की बैठक के कुछ घंटों बाद हुआ। बैठक में गठबंधन के नेताओं ने मोदी के नाम को संसदीय दल के नेता के साथ-साथ लोकसभा के नेता के रूप में प्रस्तावित किया, जिससे वे प्रधानमंत्री पद के लिए चुने गए।
नरेंद्र मोदी ने क्या कहा
सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह आजादी का अमृत महोत्सव के बाद पहला चुनाव था। यह भारत की आजादी के 75 साल पूरे होने का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 18वीं लोकसभा के जनादेश ने एनडीए सरकार को भारत के लोगों की सेवा करने के एक बार फिर अवसर दिया। नरेंद्र मोदी ने कहा, “राष्ट्रपति ने मुझे बुलाया और प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में काम करने के लिए कहा और उन्होंने मुझे शपथ समारोह के बारे में जानकारी दी। मैंने राष्ट्रपति को बताया है कि 9 जून की शाम को शपथ ग्रहण हमारे लिए बेहतर रहेगा। अब राष्ट्रपति भवन बाकी विवरण तैयार करेगा और तब तक हम मंत्रिपरिषद की सूची राष्ट्रपति को सौंप देंगे। उसके बाद शपथ समारोह होगा।”
वैसे, प्रधानमंत्री मोदी की भाषा काफ़ी बदली हुई लग रही थी। जहाँ पहले वे 'मैं या मेरी सरकार' जैसी बातें कहते थे, 'बीजेपी सरकार' कहना भी पसंद नहीं करते थे, वहीं अब वे बार-बार 'हमारी सरकार' या 'एनडीए सरकार' कह रहे थे। 'एक अकेला सब पर भारी वाली' उनकी भाषण शैली में पहली बार 'आम सहमति' की बात कही जा रही थी
मोदी को चुना गया एनडीए का नेता
शुक्रवार को हुई एनडीए की बैठक में राजनाथ सिंह ने नरेंद्र मोदी का नाम एनडीए के नेता के तौर पर प्रस्तावित किया था। राजनाथ सिंह के इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए अमित शाह ने कहा, “मैं लोकसभा चुनाव में फिर से जीत के लिए सभी को बधाई देता हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोकसभा के नेता, बीजेपी और एनडीए संसदीय दल के नेता के रूप में नरेंद्र मोदी के नाम का प्रस्ताव रखा है। मैं इसका तहे दिल से समर्थन करता हूं।”
तेलगूदेशम पार्टी के नेता चंद्रबाबू नायडू ने नरेंद्र मोदी के नाम का समर्थन किया और संसदीय बैठक को संबोधित करते हुए कहा, “हम सभी को बधाई दे रहे हैं क्योंकि हमने शानदार बहुमत हासिल किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान देखा है कि 3 महीने तक पीएम मोदी ने कभी आराम नहीं किया। उन्होंने दिन-रात प्रचार किया। उन्होंने उसी भावना के साथ शुरुआत की और उसी भावना के साथ समाप्त किया।”





