Molitics Logo
होम केजरीवाल का RSS प्रमुख मोहन भागवत को पत्र, दिल्ली चुनाव और BJP के खिलाफ पूछे सवाल

केजरीवाल का RSS प्रमुख मोहन भागवत को पत्र, दिल्ली चुनाव और BJP के खिलाफ पूछे सवाल

केजरीवाल ने पत्र में कहा, "मुझे उम्मीद है कि आप स्वस्थ होंगे। मीडिया में खबरें आ रही हैं कि आरएसएस दिल्ली चुनावों में भाजपा के लिए वोट मांगने वाली है।

केजरीवाल का RSS प्रमुख मोहन भागवत को पत्र, दिल्ली चुनाव और BJP के खिलाफ पूछे सवाल
फोटो: Kejriwal's, Mohan Bhagwat, Delhi elections, BJP,
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत को चिट्ठी लिखी है, जिसमें उन्होंने आरएसएस और भाजपा के हालिया कार्यों पर कई सवाल उठाए हैं। केजरीवाल ने पत्र के माध्यम से पूछा कि क्या आरएसएस भाजपा द्वारा किए गए गलत कार्यों का समर्थन करती है।

केजरीवाल ने पत्र में कहा, "मुझे उम्मीद है कि आप स्वस्थ होंगे। मीडिया में खबरें आ रही हैं कि आरएसएस दिल्ली चुनावों में भाजपा के लिए वोट मांगने वाली है। क्या ये सच है? भाजपा के नेता खुलेआम पैसे बांट रहे हैं, क्या आरएसएस ऐसे वोट खरीदने के प्रयासों का समर्थन करती है?" इसके बाद उन्होंने सवाल किया कि क्या आरएसएस को यह नहीं लगता कि दलित और पूर्वांचली समुदाय के वोट बड़े स्तर पर काटे जा रहे हैं, और क्या यह जनतंत्र के लिए सही है?

इसके अलावा, उन्होंने पूछा कि क्या आरएसएस को यह नहीं लगता कि भाजपा जनतंत्र को कमजोर कर रही है। इस पत्र को लेकर आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, "हाल ही में दिल्ली में कई अलोकतांत्रिक घटनाएं घटीं। इसी वजह से अरविंद केजरीवाल ने आरएसएस से सवाल पूछे हैं। हम सबने देखा कि कैसे भाजपा के नेता प्रवेश वर्मा पैसे बांट रहे थे और मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन डाल रहे थे। यह पूरी तरह से अवैध है। मोहन भागवत को इस पत्र का जवाब देना चाहिए।"

इसके पहले, सितंबर में भी अरविंद केजरीवाल ने मोहन भागवत को एक चिट्ठी लिखी थी, जिसमें उन्होंने पांच सवाल उठाए थे। उस पत्र में केजरीवाल ने पूछा था कि जिस कानून के तहत लालकृष्ण आडवाणी को 75 साल की उम्र में रिटायर कर दिया गया था, क्या वही कानून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लागू नहीं होगा? इस पत्र के जरिए केजरीवाल ने भाजपा और आरएसएस की गतिविधियों पर सवाल उठाते हुए उनके खिलाफ एक सख्त रुख अपनाया है।