Molitics Logo
होम शराब नीति मामले में तीन दिन की सीबीआई हिरासत में केजरीवाल, राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने दिया आदेश

शराब नीति मामले में तीन दिन की सीबीआई हिरासत में केजरीवाल, राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने दिया आदेश

आप ने कहा, “तानाशाह ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। तानाशाह चाहे कितना भी जुल्म करे लेकिन केजरीवाल न झुकेंगे, न टूटेंगे।

शराब नीति मामले में तीन दिन की सीबीआई हिरासत में केजरीवाल, राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने दिया आदेश
फोटो: शराब नीति मामले में तीन दिन की सीबीआई हिरासत में केजरीवाल, राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने दिया आदेश
दिल्ली की राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को तीन दिन की सीबीआई हिरासत में भेज दिया हैं। सीबीआई ने केजरीवाल के लिए पांच दिन की हिरासत मांगी थी। कोर्ट के अवकाश न्यायाधीश अमिताभ रावत ने केजरीवाल को तीन दिन की हिरासत की मंजूरी दी है। केजरीवाल को अब 29 जून को अब कोर्ट में पेश किया जाएगा। रद्द हो चुकी दिल्ली शराब नीति से जुड़े मामले में केजरीवाल को हिरासत में भेजा हैं।

सत्ता के दुरुपयोग का एक उत्कृष्ट मामला

जब केजरीवाल को सीबीआई ने अनौपचारिक रूप से गिरफ्तार किया, तो केजरीवाल ने कोर्ट में जोर-जोर से बयान दिया कि, “मैंने ऐसा कोई बयान नहीं दिया की सिसोदिया भी दोषी हैं। मैंने यह बयान दिया है कि सिसोदिया, मैं और आम आदमी पार्टी निर्दोष हैं। केजरीवाल का यह बयान इस आशंका में आया कि सीबीआई शायद कोर्ट को यह बताने वाला है कि केजरीवाल ने सारा आरोप सिसोदिया पर डाल दिया है। केजरीवाल के वकील विक्रम चौधरी ने कहा कि रिमांड आवेदन पूरी तरह से अस्पष्ट है। यह सत्ता के दुरुपयोग का एक उत्कृष्ट मामला है। उन्होंने आगे बताया कि केजरीवाल का नाम लगभग हर आरोपपत्र में आ रहा था, लेकिन सीबीआई ने भयानक चुप्पी बना रखी है। सीबीआई द्वारा केजरीवाल को गिरफ्तार करना अवैधता की ओर इशारा करता है।

तानाशाह ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं

राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा, “पहली बार अरविंद केजरीवाल को गवाह के तौर पर 16 अप्रैल 2023 को बुलाया गया था। सीबीआई बार-बार मनीष सिसोदिया की जमानत के मामले में वही कहानी दोहराती रही है, जो आज केजरीवाल के मामले में दोहरा रही है। जिस मगुंटा रेड्डी के बयान को सीबीआई केजरीवाल की गिरफ्तारी का आधार बना रही है, वही मगुंटा रेड्डी जुलाई 2023 में मनीष सिसोदिया के मामले में अपना बयान दे चुका है। जब ट्रायल कोर्ट केजरीवाल को जमानत दे चुका था, सुप्रीम कोर्ट जमानत देने वाला था तब उन्हें मगुंटा रेड्डी का बयान याद नहीं आया।” संजय सिंह ने मोदी पर हमला करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आपातकाल का रोना रो तो रहे हैं, लेकिन मैं समझता हूँ आज से बड़ा आपातकाल कोई नहीं हो सकता।

आम आदमी पार्टी ने बुधवार को आरोप लगाया कि जब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने की उम्मीद थी, तो बीजेपी घबरा गई और उन्हें फर्जी मामले में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार करवा दिया। आप ने कहा, “तानाशाह ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। तानाशाह चाहे कितना भी जुल्म करे लेकिन केजरीवाल न झुकेंगे, न टूटेंगे। केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद पार्टी नेता संदीप पाठक ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सांसद गुरुवार को होने वाले राष्ट्रपति के अभिभाषण का बहिष्कार करेंगे।