Molitics Logo
होम राणा सांगा को ‘गद्दार’ बताने पर करणी सेना भड़की, सपा सांसद के घर पर तोड़फोड़

राणा सांगा को ‘गद्दार’ बताने पर करणी सेना भड़की, सपा सांसद के घर पर तोड़फोड़

समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा को संसद में ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस बयान से आक्रोशित करणी |

राणा सांगा को ‘गद्दार’ बताने पर करणी सेना भड़की, सपा सांसद के घर पर तोड़फोड़
फोटो: राणा सांगा को ‘गद्दार’ बताने पर करणी सेना भड़की, सपा सांसद के घर पर तोड़फोड़
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन द्वारा राणा सांगा को संसद में ‘गद्दार’ कहे जाने के बाद विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस बयान से आक्रोशित करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने सुमन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शनिवार को आगरा स्थित रामजीलाल सुमन के घर पर करणी सेना ने उग्र प्रदर्शन किया और इस दौरान जमकर तोड़फोड़ भी हुई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि करणी सेना और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प हो गई, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने किया हमला, पुलिस से हुई झड़प


प्रदर्शन के दौरान करणी सेना के कार्यकर्ता बुलडोजर लेकर रामजी लाल सुमन के आवास तक पहुंच गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने बुलडोजर को गेट के बाहर ही रोक लिया, लेकिन कुछ प्रदर्शनकारी पिछले गेट से अंदर घुसने में कामयाब रहे और वहां तोड़फोड़ मचा दी। घर के पास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए, वहीं आवास के बाहर रखी कुर्सियां भी तोड़ दी गईं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया, लेकिन इससे भीड़ और अधिक उग्र हो गई और पुलिसकर्मियों से मारपीट होने लगी। झड़प में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया और प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हंगामे के बाद पुलिस प्रशासन ने रामजीलाल सुमन के घर की सुरक्षा बढ़ा दी है। उनके आगरा स्थित एत्मादपुर के कुबेरपुर आवास के एक गेट को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जबकि दूसरे गेट पर भी बैरियर लगा दिए गए हैं। वहां बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है ताकि दोबारा किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके। करणी सेना के कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने आगरा-दिल्ली हाईवे पर बैरिकेडिंग की थी। कई स्थानों पर सुरक्षा बल तैनात किए गए और प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन कार्यकर्ताओं की संख्या काफी अधिक थी, जबकि पुलिस बल की तादाद अपेक्षाकृत कम थी। ऐसे में पुलिस उन्हें रोकने में असफल रही और करणी सेना के कार्यकर्ता किसी भी तरह सांसद के घर तक पहुंचने में सफल रहे। 

इस पूरे घटनाक्रम के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। करणी सेना के कार्यकर्ता सांसद रामजीलाल सुमन से माफी की मांग कर रहे हैं, जबकि समाजवादी पार्टी की ओर से इस मुद्दे पर अभी तक कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, पुलिस प्रशासन अब हालात पर नियंत्रण करने के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती कर रहा है और प्रदर्शनकारियों पर कड़ी कार्रवाई करने की तैयारी में है।

Read This Also:- सपा सांसद रामजीलाल सुमन के घर पर हमला: करणी सेना पर आरोप, पुलिस ने 12 को हिरासत में लिया