विपक्ष पर हमला करते हुए जयंत ने कहा, “लोगों को इस कानून को लेकर जानबूझकर गुमराह किया जा रहा है। यह कानून व्यापक विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है। इसका असर जमीनी स्तर पर सकारात्मक दिख रहा है।” उन्होंने कहा कि एनडीए में लोगों का विश्वास बढ़ा है और वे इससे जुड़ रहे हैं। जातिगत जनगणना को लेकर जयंत चौधरी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “यह एक जटिल मुद्दा है। कांग्रेस यह सोचती है कि इससे देश की तस्वीर बदल जाएगी, जो कि बिल्कुल गलत है। इस पर गंभीरता से सोचने की जरूरत है।”
26/11 मुंबई आतंकी हमले के आरोपी तहव्वुर राणा को लेकर उन्होंने कहा, “यह भारत सरकार की कूटनीतिक सफलता है कि अब एनआईए की हिरासत में वह है। विपक्षी नेताओं को यह समझना चाहिए कि वे एक संवेदनशील मामले पर गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं।” जयंत चौधरी ने पश्चिम बंगाल में हुई हिंसा को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा, “अगर राज्य सरकार ने समय रहते कदम उठाया होता, तो यह हिंसा रोकी जा सकती थी। इससे साफ है कि हिंसा को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है।”
सड़क पर नमाज पढ़ने और उत्तर प्रदेश पुलिस की कार्यशैली पर टिप्पणी करते हुए जयंत चौधरी ने कहा, “मैं मुसलमानों से जुड़े मुद्दों पर अपनी आवाज उठाता रहूंगा। पुलिस व्यवस्था में सुधार आवश्यक है, लेकिन कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी पूरी तरह राज्य सरकार की है।” तमिलनाडु में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जयंत चौधरी ने कहा, “पूरे देश में एनडीए की नीतियों पर लोगों का विश्वास है। तमिलनाडु में भी आगामी चुनाव में एनडीए सरकार बनाने जा रही है।”





