Molitics Logo
होम जया बच्चन ने किया कामरा का समर्थन, कहा - "अगर बोलने पर पाबंदी लगेगी, तो मीडिया का क्या होगा?"

जया बच्चन ने किया कामरा का समर्थन, कहा - "अगर बोलने पर पाबंदी लगेगी, तो मीडिया का क्या होगा?"

जया बच्चन ने कहा, "अगर इस तरह से बोलने पर पाबंदी लगाई जाएगी, तो मीडिया वालों का क्या होगा? आप लोग पहले ही बुरी हालत में हैं। अब आपको भी कह दिया जाएगा कि |

जया बच्चन ने किया कामरा का समर्थन, कहा - "अगर बोलने पर पाबंदी लगेगी, तो मीडिया का क्या होगा?"
फोटो: जया बच्चन ने किया कामरा का समर्थन, कहा - "अगर बोलने पर पाबंदी लगेगी, तो मीडिया का क्या होगा?"
स्टैंडअप कॉमेडियन कुणाल कामरा को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर कटाक्ष करना महंगा पड़ गया। हाल ही में उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने महाराष्ट्र की राजनीति पर व्यंग्य किया और बिना नाम लिए एकनाथ शिंदे पर निशाना साधा। उनके इस वीडियो ने राज्य की सियासत में उथल-पुथल मचा दी है। वीडियो के वायरल होते ही शिवसेना (शिंदे गुट) के कार्यकर्ता आक्रोशित हो गए। गुस्साए शिवसैनिकों ने मुंबई के खार इलाके में स्थित कुणाल कामरा के स्टूडियो और दफ्तर में तोड़फोड़ की। यही नहीं, इस पूरे मामले को लेकर कुणाल के खिलाफ मुंबई के MIDC पुलिस थाने में शिकायत दर्ज की गई है।

 जया बच्चन ने दी प्रतिक्रिया, सरकार पर साधा निशाना


कुणाल कामरा के खिलाफ हो रही कार्रवाई पर सपा सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी। ANI से बातचीत में उन्होंने कहा, "अगर इस तरह से बोलने पर पाबंदी लगाई जाएगी, तो मीडिया वालों का क्या होगा? आप लोग पहले ही बुरी हालत में हैं। अब आपको भी कह दिया जाएगा कि बस यही न्यूज़ बोलो, बाकी कुछ मत बोलो।" उन्होंने अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का मुद्दा उठाते हुए कहा, "फ्रीडम ऑफ स्पीच कहां है? फ्रीडम ऑफ एक्शन तब होता है, जब हिंसा होती है। विपक्ष के नेताओं को पीटो, महिलाओं का बलात्कार करो, उनकी हत्या कर दो, और क्या बाकी रह गया है?" एकनाथ शिंदे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा, "आपकी असली पार्टी थी, लेकिन सत्ता के लालच में आपने उसे छोड़कर दूसरी पार्टी बना ली। क्या यह बाला साहेब ठाकरे का अपमान नहीं है?"

क्या था कुणाल कामरा का वीडियो?


कुणाल कामरा ने अपने कॉमेडी शो के दौरान बॉलीवुड फिल्म दिल तो पागल है के गाने पर एक पैरोडी बनाई थी, जिसमें उन्होंने एकनाथ शिंदे पर तंज कसा। इस गाने के बोल थे – "ठाणे की रिक्शा, चेहरे पर दाढ़ी..." वीडियो में 'गुवाहाटी' और 'गद्दार' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिससे शिवसेना (शिंदे गुट) भड़क गई। हालांकि, शिवसेना (यूबीटी) के नेता आदित्य ठाकरे ने कामरा का समर्थन किया। उनके मुताबिक, "जो कुछ भी कामरा ने गाया, वह सच था।" शिवसेना सांसद संजय राउत ने भी इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता करार दिया। 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस पूरे विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कामरा ने एकनाथ शिंदे का अपमान करने की कोशिश की, जिसे स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने साफ शब्दों में कहा, "हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।"  इस विवाद पर कुणाल कामरा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी एक तस्वीर साझा की, जिसमें वह संविधान की एक छोटी प्रति हाथ में लिए नजर आ रहे हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "यही एकमात्र रास्ता है।"

Read This Also:- सांसदों का बढ़ा वेतन और भत्ता: सांसदों को लाखों का वेतन, पूर्व सांसदों की पेंशन भी 31 हजार, 1 अप्रैल 2023 से लागू