रामकथा के मंच से पुलिस प्रशासन पर भड़के विधायक
नंद किशोर गुर्जर लोनी में रामकथा के आयोजन में शामिल हुए थे। कथा के दौरान उन्होंने मंच से पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि पुलिस लगातार अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हमें बोलने से रोका था, इसलिए अब तक चुप थे, लेकिन पुलिस ने हद पार कर दी है।"
बीजेपी विधायक ने आरोप लगाया कि पुलिस उनके कार्यकर्ताओं से पैसे लेकर उन्हें छोड़ रही है। उन्होंने कहा, "मेरे एक कार्यकर्ता से 11,000 रुपये लेकर उसे छोड़ा गया, लोनी बॉर्डर के एसएचओ ने पैसे लिए, लेकिन तब भी मैं चुप रहा। हमारी बहन सरिता चौधरी के साथ दरिंदों ने मारपीट की, तब भी मैंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। लेकिन अब अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा।"
दरअसल, नंद किशोर गुर्जर लोनी में रामकथा का आयोजन करवा रहे हैं। कथा से पहले गुरुवार को कलश यात्रा निकाली जा रही थी, जिसमें तेज आवाज में डीजे बजाया जा रहा था। पुलिस ने जब ध्वनि प्रदूषण नियमों का हवाला देकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाने से रोका, तो विधायक और उनके समर्थक भड़क गए।
स्थिति इतनी बिगड़ गई कि विधायक और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें उनके कपड़े तक फट गए। इसके बाद समर्थकों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन करने लगे। विधायक खुद अपने समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए।
गाजियाबाद पुलिस का कहना है कि कलश यात्रा निकालने से पहले प्रशासन से अनुमति नहीं ली गई थी। इसलिए जब पुलिस ने नियमों का पालन कराने की कोशिश की, तो विवाद बढ़ गया। बाद में स्थिति को संभालने के लिए एसपी मौके पर पहुंचे और पुलिस ने यात्रा को जाने दिया। इस दौरान नंद किशोर गुर्जर ने फटे कपड़ों में ही कलश यात्रा पूरी की। इस घटना के बाद विधायक ने मंच से चेतावनी देते हुए कहा, "28 तारीख के बाद जगह तय कर लेना… तेरी गोलियां होंगी, हमारे सीने होंगे।" उन्होंने यूपी सरकार से मांग की कि अगर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चीफ सेक्रेटरी और पुलिस कमिश्नर को जेल नहीं भेजा, तो वे अन्न-जल त्याग देंगे और फटे कपड़ों में रहेंगे, चाहे उनकी जान ही क्यों न चली जाए।
Read This Also:- "AAP शासित MCD दिल्ली की हवा खराब करने में जुटी?" – भाजपा मंत्री का आरोप
Read This Also:- "AAP शासित MCD दिल्ली की हवा खराब करने में जुटी?" – भाजपा मंत्री का आरोप





