सैफ की टीम ने क्या बोला
इस बीच, सैफ अली खान की टीम ने एक बयान जारी कर बताया कि अभिनेता खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति स्थिर है। बयान में कहा गया है, "सैफ अली खान सर्जरी के बाद खतरे से बाहर हैं और फिलहाल ठीक हो रहे हैं। डॉक्टर उनकी प्रगति पर नजर बनाए हुए हैं। परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और पुलिस मामले की जांच कर रही है। हम डॉ. नीरज उत्तमानी, डॉ. नितिन डांगे, डॉ. लीना जैन और लीलावती अस्पताल की पूरी टीम को धन्यवाद देना चाहते हैं। इस समय उनके सभी प्रशंसकों और शुभचिंतकों को उनकी प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए धन्यवाद।"
पुलिस ने मामले के बारे में क्या बाताया
मीडिया से बातचीत करते हुए, मुंबई पुलिस के जोन 9 के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) दीक्षित गेदम ने कहा कि हमले के पीछे चोरी का मकसद था। उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अभिनेता के घर में घुसने के लिए फायर एस्केप का इस्तेमाल किया। अब तक की जांच से पता चलता है कि यह चोरी का प्रयास था। आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा, "एक आरोपी की पहचान हो चुकी है। उसने घर में घुसने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया और उसे गिरफ्तार करने के लिए टीमें कार्रवाई कर रही हैं। 10 अलग-अलग जांच टीमें इस मामले की जांच कर रही हैं।"
चाकू से किया गया हमला
यह चौंकाने वाली घटना बांद्रा में 'सतगुरु शरण' बिल्डिंग में सैफ अली खान के घर पर हुई, जब एक घुसपैठिए ने कथित तौर पर अभिनेता की नौकरानी से भिड़ंत की। जब सैफ ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत करने की कोशिश की, तो यह झगड़ा शारीरिक रूप ले लिया। अभिनेता को हाथापाई के दौरान चोटें आईं और उन्हें इलाज के लिए लीलावती अस्पताल ले जाया गया। लीलावती अस्पताल के मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ) डॉ. नीरज उत्तमानी ने बताया कि सैफ को गुरुवार सुबह 3 बजे अस्पताल लाया गया था। अस्पताल ने एक बयान में कहा कि सैफ अली खान को चाकू से छह घाय लगे हैं, जिनमें से दो गहरे थे। इनमें से एक चोट उनकी रीढ़ के पास लगी थी, और एक विदेशी वस्तु भी उनकी रीढ़ के पास पाई गई थी।





