इजरायली प्रधानमंत्री ने ईरान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि देश की खुफिया एजेंसियों को पुख्ता जानकारी मिली है कि ईरान अब परमाणु हथियार हासिल करने की कगार पर है। उन्होंने दावा किया, "ईरान ने पिछले कुछ वर्षों में नौ परमाणु बम बनाने जितना समृद्ध यूरेनियम जमा कर लिया है। यह केवल इजरायल ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की शांति के लिए एक बड़ा खतरा है।"
उन्होंने आगे कहा कि अगर ईरान को नहीं रोका गया, तो वह बेहद कम समय में परमाणु हथियार बना सकता है—यह समय एक साल, कुछ महीने या इससे भी कम हो सकता है।
नेतन्याहू ने नाजी दौर के यहूदी नरसंहार की याद दिलाते हुए कहा,
"80 साल पहले हमारे लोग नाजी होलोकॉस्ट का शिकार बने थे। आज हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि ईरान के परमाणु नरसंहार का शिकार कोई यहूदी न बने। हम किसी भी हालत में ईरान को हमारे विनाश के साधन विकसित करने की अनुमति नहीं देंगे।"
प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने इजरायली नागरिकों से संयम बरतने और रक्षा बलों के निर्देशों का पालन करने की अपील की।
"यह युद्ध कुछ घंटों या दिनों का नहीं है। यह तब तक चलेगा जब तक हम अपने लक्ष्य हासिल नहीं कर लेते। हमें जवाबी हमलों के लिए तैयार रहना होगा, लेकिन मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि हमारी सेना पूरी तरह सक्षम है और देश की रक्षा के लिए हर ज़रूरी कदम उठाएगी।"





