Molitics Logo
होम इजरायली स्ट्राइक में ईरान की सैन्य कमान को करारा वार, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स प्रमुख समेत कई वैज्ञानिक ढेर

इजरायली स्ट्राइक में ईरान की सैन्य कमान को करारा वार, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स प्रमुख समेत कई वैज्ञानिक ढेर

रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में "खतम अल अंबिया" कमांड के प्रमुख सरदार रशीद, परमाणु वैज्ञानिक डॉ. फ़ेरीडाउन अब्बासी और डॉ. तेहरांची भी मारे गए हैं।

इजरायली स्ट्राइक में ईरान की सैन्य कमान को करारा वार, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स प्रमुख समेत कई वैज्ञानिक ढेर
फोटो: इजरायली स्ट्राइक में ईरान की सैन्य कमान को करारा वार, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स प्रमुख समेत कई वैज्ञानिक ढेर
इजरायल द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमले में ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रमुख हुसैन सलामी समेत कई शीर्ष सैन्य अधिकारियों और परमाणु वैज्ञानिकों की मौत की खबर है। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में "खतम अल अंबिया" कमांड के प्रमुख सरदार रशीद, परमाणु वैज्ञानिक डॉ. फ़ेरीडाउन अब्बासी और डॉ. तेहरांची भी मारे गए हैं। इसके अलावा ईरानी आर्मी के कई वरिष्ठ कमांडर भी इस हमले का शिकार हुए हैं।

द टाइम्स ऑफ इजरायल की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के सैन्य प्रमुख जनरल मोहम्मद बाघेरी भी हमले में मारे गए हैं। इन हमलों में केवल राजधानी तेहरान ही नहीं, बल्कि उसके आसपास के कई सैन्य और वैज्ञानिक ठिकानों को भी निशाना बनाया गया।

रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ईरान की सबसे ताकतवर सैन्य शाखा मानी जाती है, जो मिसाइल निर्माण, घरेलू विरोधों को दबाने और विदेशों में गुप्त अभियानों के लिए जिम्मेदार है। यह बल सीरिया, इराक, यमन और लेबनान जैसे देशों में भी ईरान की रणनीतिक गतिविधियों का संचालन करता है। हुसैन सलामी का ईरानी सत्ता में प्रभाव इतना था कि वह सीधे सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई को रिपोर्ट करते थे। देश की लगभग हर रणनीतिक और सैन्य योजना पहले उनके माध्यम से गुजरती थी।

इजरायली सरकार ने शुक्रवार को पुष्टि की कि उसने ईरान के खिलाफ बड़ा सैन्य ऑपरेशन चलाया है। हमले के बाद संभावित जवाबी कार्रवाई के मद्देनज़र पूरे देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है और नागरिकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बयान जारी कर कहा कि इजरायली सेना ने ईरान के नतांज स्थित मुख्य परमाणु संयंत्र को निशाना बनाया है। इसके अलावा, ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम के प्रमुख केंद्रों और उन वैज्ञानिकों को भी टारगेट किया गया जो परमाणु बम परियोजना में अहम भूमिका निभा रहे थे। उन्होंने यह भी कहा, "मैं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके नेतृत्व का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने ईरान के परमाणु खतरे का सामना करने में समर्थन दिया।"