Molitics Logo
होम "मैं सहमत नहीं..." - अर्थव्यवस्था पर ऑक्सफोर्ड में ममता बनर्जी का बयान, बीजेपी ने राहुल गांधी से की तुलना

"मैं सहमत नहीं..." - अर्थव्यवस्था पर ऑक्सफोर्ड में ममता बनर्जी का बयान, बीजेपी ने राहुल गांधी से की तुलना

बीजेपी नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ममता बनर्जी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि इंडिया गठबंधन के नेता जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, |

"मैं सहमत नहीं..." - अर्थव्यवस्था पर ऑक्सफोर्ड में ममता बनर्जी का बयान, बीजेपी ने राहुल गांधी से की तुलना
फोटो: "मैं सहमत नहीं..." - अर्थव्यवस्था पर ऑक्सफोर्ड में ममता बनर्जी का बयान, बीजेपी ने राहुल गांधी से की तुलना
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इन दिनों लंदन दौरे पर हैं, जहां ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के केलॉग कॉलेज में उनके भाषण को बीच में रोक दिया गया। इस घटना ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। खासकर उनके भारतीय अर्थव्यवस्था पर दिए गए बयान को लेकर विवाद और गहरा गया है। ममता बनर्जी के इस बयान पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है और उनकी तुलना कांग्रेस नेता राहुल गांधी से कर दी।

दरअसल, ममता बनर्जी से बातचीत के दौरान एक पत्रकार ने भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति पर सवाल किया। पत्रकार ने कहा कि भारत अब ब्रिटेन को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और 2060 तक इसके पहले स्थान पर पहुंचने की संभावना है। इस पर ममता बनर्जी ने कहा, "मैं इस बात से सहमत नहीं हूं।" उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिस पर बीजेपी ने जोरदार हमला बोला।

बीजेपी का हमला: "इंडिया गठबंधन भारत की प्रगति से नफरत करता है"


बीजेपी नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ममता बनर्जी की टिप्पणी की आलोचना करते हुए कहा कि "इंडिया गठबंधन के नेता जब भी विदेशी धरती पर जाते हैं, तो भारत को बदनाम करने में कोई कसर नहीं छोड़ते।" न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में प्रदीप भंडारी ने कहा, "राहुल गांधी का इतिहास देश के खिलाफ बोलने का रहा है और अब ममता बनर्जी भी उन्हीं के नक्शे-कदम पर चल रही हैं। वे भारत की प्रगति से नफरत करते हैं और सांप्रदायिक राजनीति में सिर्फ वोट बैंक पर भरोसा रखते हैं। यही वजह है कि जनता उन्हें लगातार नकार रही है, चाहे वह बंगाल हो या आने वाला 2029 का चुनाव।"

कांग्रेस ने बीजेपी पर साधा निशाना


इस विवाद पर कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने बीजेपी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा, "ममता बनर्जी के साथ जो हुआ, उस पर उनकी पार्टी (टीएमसी) अपनी प्रतिक्रिया देगी, लेकिन यह परंपरा बीजेपी ने शुरू की है। बीजेपी जब विदेश में अपने नेताओं को भेजती है, तो वहां लोगों को इकट्ठा करके उनके समर्थन में माहौल बनवाती है।" तिवारी ने आगे कहा, "मैं मानता हूं कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की छवि खराब नहीं होनी चाहिए। इसलिए जो भी नेता विदेश में भाषण देने जाते हैं, उन्हें अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाना चाहिए।"

Read This Also:- Parliament Session: मल्लिकार्जुन खरगे ने राणा सांगा विवाद को दिया जातीय मोड़, बीजेपी ने किया विरोध