प्रचार के दौरान हमला
हमलावर ने कन्हैया कुमार को पहले माला पहनाया और फिर उन पर स्याही फैंकी। इसके बाद हाथ भी उठा दिया। यह घटना ठीक आम आदमी पार्टी के स्थानीय ऑफिस के बाहर हुई है, जहाँ कन्हैया छवि वर्मा के बुलाने पर पहुंचे थे। चुनाव में खड़े होने के बाद कन्हैया कुमार पर यह पहला हमला है। वैसे ऐसे अनजान हमले कन्हैया कुमार पर पहले भी हो चुके हैं। फिर भी कन्हैया कुमार की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है।
कन्हैया ने घटना पर क्या कहा
कांग्रेस छात्र संगठन एनएसयूआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें कन्हैया कहते दिखते हैं, “ऐ साहब गुंडा मत भेजिये, हमने तो आपकी पुलिस देखी है। हमारी रंगों में स्वतंत्रता सेनानियों का ख़ून दौड़ रहा है। हम कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता हैं। जब अंग्रेज़ों से नहीं ड़रे तो अंग्रेज़ों के चापलूसों से क्या डरेंगे।”
अख़बार हिन्दुस्तान टाइम्स के अनुसार, कांग्रेस ऑफिस के एक व्यक्ति ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि कन्हैया कुमार पर हुए हमले के पीछे भाजपा सांसद और उम्मीदवार मनोज तिवारी का हाथ है। दिल्ली बीजेपी नेता नीलकांत बक्शी ने कहा कि कन्हैया कुमार ने जानबूझकर ख़ुद पर हमला करवाया है, ताकि वोटरों की सहानुभूति मिल सके। कांग्रेस के जनरल सेक्रेटरी केसी वेणुगोपाल ने घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक हार की तरफ़ बढ़ रही है, इसलिए इस तरह की हिंसा पर उतर आयी है। हमला करने वालों को पता होना चाहिये कि कन्हैया कुमार कांग्रेस का बब्बर शेर है। जो इस तरह की घटिया घटनाओं से घबराने वाला नहीं है।
यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास एक ट्वीट साझा करते हैं, जिसमें उस हमलावर को मनोज तिवारी के साथ देखा जा सकता है ।





