Molitics Logo
होम गोवा सीएम ने बदला फैसला, GMCH डॉक्टर पर नहीं होगी कार्रवाई, मंत्री राणे ने मांगी माफी

गोवा सीएम ने बदला फैसला, GMCH डॉक्टर पर नहीं होगी कार्रवाई, मंत्री राणे ने मांगी माफी

गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के एक डॉक्टर से सख्ती से पेश आने को लेकर माफ़ी मांग ली है।

गोवा सीएम ने बदला फैसला, GMCH डॉक्टर पर नहीं होगी कार्रवाई, मंत्री राणे ने मांगी माफी
फोटो: गोवा सीएम ने बदला फैसला, GMCH डॉक्टर पर नहीं होगी कार्रवाई, मंत्री राणे ने मांगी माफी
गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने गोवा मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) के एक डॉक्टर से सख्ती से पेश आने को लेकर माफ़ी मांग ली है। साथ ही मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने स्पष्ट किया है कि संबंधित डॉक्टर, रुद्रेश कुट्टीकर, को निलंबित नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद इस मुद्दे ने तूल पकड़ लिया था।

शनिवार को वायरल हुए वीडियो में मंत्री विश्वजीत राणे एक डॉक्टर पर नाराज़गी जताते नज़र आ रहे थे। वीडियो में राणे डॉक्टर से जेब से हाथ निकालने और मास्क हटाने के लिए कहते दिखते हैं। साथ ही, वह यह भी कहते हैं कि डॉक्टर को तत्काल सस्पेंड किया जाए और उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति की नियुक्ति की जाए। वह स्वयं सस्पेंशन फाइल साइन करने की बात भी करते हैं।

राणे की नाराज़गी एक मरीज की शिकायत के बाद सामने आई थी। उनका कहना था कि चाहे काम का कितना भी दबाव हो, डॉक्टरों को मरीजों से शालीनता से पेश आना चाहिए। हालांकि बाद में बढ़ते विवाद को देखते हुए मंत्री राणे को अपनी प्रतिक्रिया पर सफाई देनी पड़ी। उन्होंने कहा कि उनका इरादा किसी को अपमानित करना नहीं था और आगे से वे इस तरह की प्रतिक्रिया से बचेंगे।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इस प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए बयान जारी किया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “मैंने गोवा मेडिकल कॉलेज से जुड़े इस मामले की समीक्षा की है और स्वास्थ्य मंत्री से चर्चा की है। मैं गोवा की जनता को आश्वस्त करना चाहता हूं कि डॉ. रुद्रेश कुट्टीकर को निलंबित नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार और हमारी समर्पित चिकित्सा टीम हर नागरिक को बेहतरीन स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। हम अपने डॉक्टरों के अथक प्रयासों और अमूल्य सेवाओं की सराहना करते हैं।”