Molitics Logo
होम Delhi Polls: दिल्ली और पंजाब के CM की ECI से मुलाकात, यमुना के जहरीले पानी पर जताई चिंता

Delhi Polls: दिल्ली और पंजाब के CM की ECI से मुलाकात, यमुना के जहरीले पानी पर जताई चिंता

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में दिल्ली मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "हमने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ चुनाव आयोग के आयुक्तों से मुलाकात की। इस दौरान |

Delhi Polls: दिल्ली और पंजाब के CM की ECI से मुलाकात, यमुना के जहरीले पानी पर जताई चिंता
फोटो: Delhi and Punjab, CMs meet ECI
दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले यमुना के जहरीले पानी को लेकर सियासत तेज हो गई है। सोमवार को आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना के पानी को जहरीला करने का आरोप लगाया। इसके जवाब में भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए केजरीवाल पर पलटवार किया। इस बीच, दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने यमुना में अमोनिया के उच्च स्तर को लेकर चुनाव आयोग के अधिकारियों से बैठक की।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में दिल्ली मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा, "हमने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ चुनाव आयोग के आयुक्तों से मुलाकात की। इस दौरान यमुना के पानी के मुद्दे पर चर्चा हुई। हमने आयोग को बताया कि हरियाणा से आने वाले पानी में अमोनिया का स्तर जहरीले स्तर तक पहुंच चुका है। दिल्ली के वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट 1 से 2 पीपीएम तक अमोनिया को उपचारित कर सकते हैं, लेकिन पिछले कुछ दिनों से यह स्तर 4, 5, 6 और 7 पीपीएम तक पहुंच चुका है। 7 पीपीएम का अमोनिया यानी जहरीला पानी।"

आतिशी ने आगे कहा कि अगर यही स्थिति बनी रही तो दिल्ली के कई वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बंद हो सकते हैं और 30 प्रतिशत दिल्ली को पानी नहीं मिलेगा। उन्होंने चुनाव आयोग से आग्रह किया कि वे इस मुद्दे पर तुरंत कदम उठाएं, क्योंकि यह लोगों की जिंदगी और मौत से जुड़ा मुद्दा है। चुनाव आयोग ने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को गंभीरता से देखेगा और हरियाणा से भी पक्ष सुनेगा, ताकि दिल्ली के लोगों के हित में सही कदम उठाया जा सके।   

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी बैठक के बाद कहा, "पंजाब, हरियाणा को पानी का उचित हिस्सा दे रहा है, लेकिन यमुना में अमोनिया के उच्च स्तर की जांच की जानी चाहिए। प्रदूषित पानी छोड़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। हरियाणा को दिल्ली को अतिरिक्त पानी देना चाहिए। यह संकट का समय है, और यह नहीं कहा जा सकता कि हम जीतने पर दिल्ली को पानी देंगे। पानी हिमाचल से आता है, और पंजाब-हरियाणा को उसका उचित हिस्सा मिलना चाहिए।"   भगवंत मान ने यह भी कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के सीईओ के पत्र से यह साफ हुआ है कि दिल्ली के जल उपचार संयंत्र 1 से 2 पीपीएम तक अमोनिया का उपचार कर सकते हैं, लेकिन वर्तमान में पानी में अमोनिया का स्तर 6.8-7.2 पीपीएम है। उन्होंने सुझाव दिया कि यमुना में अमोनिया के स्तर को मापने के लिए दिल्ली, हरियाणा और चुनाव आयोग के प्रतिनिधियों की एक संयुक्त टीम बनाई जाए।

इससे पहले, अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को हरियाणा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा था कि भाजपा शासित हरियाणा सरकार ने यमुना के पानी को जहरीला बना दिया है। उनका कहना था कि हरियाणा से आने वाला पानी इतना जहरीला हो गया है कि जल उपचार संयंत्र भी उसे साफ नहीं कर पा रहे हैं, जिससे दिल्ली के एक तिहाई हिस्से में पानी की किल्लत हो गई है।

Read This Also:- Delhi Polls: EC ने केजरीवाल को भेजा नोटिस, ‘पानी में जहर’ वाले बयान पर मांगा स्पष्टीकरण