Molitics Logo
होम Delhi Polls: कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त का केजरीवाल पर हमला, बोले- 'AAp' में बाहरी नेताओं की भरमार

Delhi Polls: कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त का केजरीवाल पर हमला, बोले- 'AAp' में बाहरी नेताओं की भरमार

उन्होंने कहा, वोटर लिस्ट में संदिग्ध तरीके से मतदाताओं के नाम जोड़े और हटाए जा रहे हैं, जिससे यह आशंका बढ़ जाती है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है, बल्कि सरकार |

Delhi Polls: कांग्रेस नेता अभिषेक दत्त का केजरीवाल पर हमला, बोले-  'AAp' में बाहरी नेताओं की भरमार
फोटो: Delhi Assembly Election, AAP, Congress
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न हो चुका है और अब 8 फरवरी को परिणाम घोषित किए जाएंगे। लेकिन चुनावी नतीजों से पहले ही राजनीतिक बयानबाजी और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी के उम्मीदवारों को खरीदने के प्रयास किए गए हैं।

कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक दत्त ने उठाए सवाल


कस्तूरबा नगर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी अभिषेक दत्त ने न केवल भाजपा बल्कि चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "वोटर लिस्ट में संदिग्ध तरीके से मतदाताओं के नाम जोड़े और हटाए जा रहे हैं, जिससे यह आशंका बढ़ जाती है कि चुनाव आयोग निष्पक्ष नहीं है, बल्कि सरकार समर्थक भूमिका निभा रहा है।" 

अरविंद केजरीवाल द्वारा भाजपा पर विधायकों की खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर अभिषेक दत्त ने उन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, "अगर केजरीवाल को लगता है कि उनके विधायक बिक रहे हैं, तो उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग वेबसाइट पर उनकी तस्वीरें डाल देनी चाहिए। शायद वे पहले ऐसे मुख्यमंत्री हैं, जो लगातार 10 सालों से दूसरी पार्टियों पर अपने विधायकों को खरीदने का आरोप लगा रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा, "आप पार्टी के ज्यादातर नेता दूसरी पार्टियों से आए हुए हैं। जो चीज़ बिकने वाली होती है, वही बिकती है।"

'दिल्ली के असल मुद्दों पर नहीं हो रही बात'


अभिषेक दत्त ने भाजपा और आम आदमी पार्टी दोनों को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि ये दोनों पार्टियां असल मुद्दों से बच रही हैं। उन्होंने कहा, "जब जनता पूछती है कि प्रदूषण पर क्या कदम उठाए गए, तो ‘आप’ भाजपा पर आरोप लगाती है। जब गैंगवॉर पर सवाल उठता है, तो भाजपा ‘आप’ को घेरने लगती है। पर सच तो यह है कि कोई भी दिल्ली की असली समस्याओं पर चर्चा नहीं कर रहा।" जैसे-जैसे चुनाव परिणाम का दिन नजदीक आ रहा है, दिल्ली में राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। आम आदमी पार्टी जहां अपनी जीत को लेकर आश्वस्त दिख रही है, वहीं भाजपा और कांग्रेस लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए हैं। अब देखना यह होगा कि जनता का जनादेश किसके पक्ष में जाता है और क्या आरोप-प्रत्यारोप के इस माहौल में मतदाताओं ने अपने लिए सही विकल्प चुना है?

Read This Also:- तीन राज्यों में चुनावी तनाव: दिल्ली में AAP पर छापेमारी, महाराष्ट्र-यूपी में भी आरोपों की गूंज