19 पर गंभीर आपराधिक मामले
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार 28 मंत्रियों यानी 39 फीसदी मंत्रियों पर आपराधिक मामले दर्ज़ हैं। 19 यानी 27 फीसदी मंत्रियों ने अपने ऊपर गंभीर आपराधिक मामले घोषित किये हैं। जिनमें हत्या के प्रयास, अपहरण और महिलाओं के ऊपर अत्याचार से संबंधित अपराध शामिल हैं। पश्चिम बंगाल से आने वाले जहाजरानी और जलमार्ग राज्य मंत्री शांतनु ठाकुर और शिक्षा राज्य मंत्री सुकन्ता मजूमदार पर धारा 307 (हत्या का प्रयास) से जुड़ा मामला दर्ज़ हैं। पांच मंत्रियों ने महिलाओं के ऊपर अत्याचार से संबंधित मामले घोषित किये हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत 8 मंत्रियों पर भड़काऊ भाषण से जुड़े मामले चल रहे हैं।
पेम्मसानी चंद्रशेखर सबसे अमीर मंत्री
एडीआर की रिपोर्ट के विश्लेषण के अनुसार 71 में से 70 यानी 99 फीसदी मंत्री करोड़पति हैं। 71 मंत्रियों की औसत संपत्ति 107.94 करोड़ रूपए हैं। छह मंत्रियों के पास 100 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति हैं। ग्रामीण विकास और संचार राज्य मंत्री डॉ पेम्मसानी चंद्रशेखर 5,705 करोड़ की संपत्ति के साथ सबसे अमीर मंत्री हैं, दूसरे स्थान पर दूरसंचार और उत्तरपूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पास 424 करोड़ रूपए की संपत्ति है और तीसरे स्थान पर भरी उद्योग और इस्पात मंत्री एचडी कुमारस्वामी के पास 217.23 करोड़ रूपए की संपत्ति हैं। इसके अलावा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कुल 144.12 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है। संस्कृति मंत्रालय में राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह की कुल संपत्ति 121.54 करोड़ रुपये है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने 110.95 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है।
सात मंत्री पीएचडी वाले
रिपोर्ट के अनुसार नई मंत्रिपरिषद में 71 मंत्रियों में से 11 ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 12वीं कक्षा घोषित की है, जबकि 57 मंत्रियों ने स्नातक या उससे ऊपर की शैक्षणिक योग्यता घोषित की है। 14 मंत्रियों ने खुद को स्नातक घोषित किया है। 10 मंत्रियों के पास पेशेवर स्नातक डिग्री है और 26 स्नातकोत्तर डिग्री वाले हैं। इसके अलावा, सात मंत्रियों ने डॉक्टरेट की डिग्री हासिल की है और तीन मंत्री डिप्लोमा धारक हैं।





