Molitics Logo
होम कोर्ट ने BJP सांसद बांसुरी स्वराज को भेजा नोटिस, AAP नेता सत्येंद्र जैन की याचिका से जुड़ा है मामला

कोर्ट ने BJP सांसद बांसुरी स्वराज को भेजा नोटिस, AAP नेता सत्येंद्र जैन की याचिका से जुड़ा है मामला

AAP नेता सत्येंद्र जैन की याचिका पर राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को उन्हें क्रिमिनल डिफेमेशन नोटिस जारी किया।

कोर्ट ने BJP सांसद बांसुरी स्वराज को भेजा नोटिस,  AAP नेता सत्येंद्र जैन की याचिका से जुड़ा है मामला
फोटो: कोर्ट ने BJP सांसद बांसुरी स्वराज को भेजा नोटिस, AAP नेता सत्येंद्र जैन की याचिका से जुड़ा है मामला
बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज को नोटिस जारी कर दिया गया है। AAP  नेता सत्येंद्र जैन की याचिका पर राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने सोमवार को उन्हें क्रिमिनल डिफेमेशन नोटिस जारी किया। जैन का आरोप है कि स्वराज ने 5 अक्टूबर 2023 को एक टीवी चैनल को दिए इंटरव्यू में उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं। इस मामले की सुनवाई 20 दिसंबर 2024 को होगी। कोर्ट ने नोटिस में स्वराज को 20 दिसंबर को अदालत में उपस्थित होने का निर्देश दिया है। वे स्वयं या अपने वकील के माध्यम से पेश हो सकती हैं। साथ ही, कोर्ट उसी दिन सत्येंद्र जैन और उनके दो गवाहों के बयान भी दर्ज करेगी।

जैन ने अपनी शिकायत में कहा, "स्वराज ने 5 अक्टूबर 2023 को टीवी चैनल पर दिए इंटरव्यू में मेरे खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां कीं, जिसे लाखों लोगों ने देखा।" उनका आरोप है कि स्वराज ने यह टिप्पणियां उन्हें बदनाम करने और राजनीतिक लाभ लेने के लिए कीं। जैन के अनुसार, "स्वराज ने झूठा दावा किया कि मेरे घर से 3 करोड़ रुपये, 1.8 किलोग्राम सोना और 133 सोने के सिक्के बरामद हुए थे।" उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि स्वराज ने उन्हें बदनाम करने के लिए भ्रष्ट और धोखेबाज कहा। इससे पहले रोहिणी डिस्ट्रिक्ट कोर्ट ने भी इसी मामले में स्वराज को सिविल डिफेमेशन नोटिस भेजा था, जो जैन की याचिका पर आधारित था।

बांग्लादेशी शरणार्थियों के मुद्दे पर AAP-BJP में तकरार

हाल ही में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने रोहिंग्या शरणार्थियों को दिल्ली में बसाने के आरोपों के संदर्भ में गृह मंत्री अमित शाह को पत्र लिखा। इसके बाद एबीपी न्यूज से बातचीत में सांसद स्वराज ने आम आदमी पार्टी पर रोहिंग्या और बांग्लादेशी शरणार्थियों के लिए फर्जी वोटर पहचान पत्र बनवाने का आरोप लगाया। 

स्वराज ने कहा, 'संविधान केवल भारतीय नागरिकों को मतदान का अधिकार देता है। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अवैध रूप से प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी और रोहिंग्या लोगों को यहां बसा दिया है। दिल्ली सरकार ने इन लोगों के लिए फर्जी वोटर पहचान पत्र बनवाकर भारतीय नागरिकों के अधिकारों का उल्लंघन किया है।' आतिशी के पत्र पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वराज ने कहा कि दिल्ली में किसी भी अवैध रोहिंग्या प्रवासी को EWS फ्लैट नहीं दिया गया है, जिसकी पुष्टि गृह मंत्रालय कर चुका है।