किसानों और विकास पर सीएम योगी का जोर
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि वेस्ट यूपी के किसानों ने आधुनिक खेती की तकनीकों को अपनाकर उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने चौधरी अजित सिंह को याद करते हुए कहा कि वे हमेशा कहते थे कि देश के विकास का रास्ता खेत और किसान से होकर गुजरता है। इसी विचारधारा से प्रेरित होकर उनकी सरकार किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
महाकुंभ पर बोले सीएम – 50 करोड़ श्रद्धालु लगा चुके डुबकी
सीएम योगी ने महाकुंभ की भव्यता पर चर्चा करते हुए कहा कि कुछ लोग जो पहले कुंभ की व्यवस्थाओं पर सवाल उठा रहे थे, वे अब चुपचाप संगम में डुबकी लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी तक कुंभ का आयोजन पूरी भव्यता के साथ चलेगा और श्रद्धालु पुण्य लाभ उठाते रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि अब तक 50 करोड़ श्रद्धालु कुंभ में स्नान कर चुके हैं।
सीएम योगी ने युवाओं के रोजगार से जुड़ी योजनाओं पर भी बात की। उन्होंने कहा कि पहले के समय में पुलिस भर्ती निकलती थी, लेकिन नौजवानों को नौकरी नहीं मिलती थी। उनकी सरकार ने इस स्थिति को बदलते हुए भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया है और बिना भेदभाव के युवाओं को उनकी प्रतिभा के आधार पर चयनित किया जा रहा है।
सीएम ने यह भी घोषणा की कि यूपी पुलिस में 20% नौकरियां बेटियों के लिए आरक्षित कर दी गई हैं और अगले दो महीने में चयनित अभ्यर्थियों की ट्रेनिंग शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इसी वर्ष यूपी पुलिस को 60,000 नए पुलिसकर्मी मिलेंगे, जिससे राज्य की कानून व्यवस्था और मजबूत होगी।
Read This Also:- अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- कुंभ में भारी कुप्रबंधन छिपा रही है सरकार
Read This Also:- अखिलेश यादव का योगी सरकार पर हमला, बोले- कुंभ में भारी कुप्रबंधन छिपा रही है सरकार





