Molitics Logo
होम CM रेखा गुप्ता का दावा, AAP पार्षद खुद BJP के साथ आने को तैयार, तोड़फोड़ की जरूरत नहीं

CM रेखा गुप्ता का दावा, AAP पार्षद खुद BJP के साथ आने को तैयार, तोड़फोड़ की जरूरत नहीं

उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी AAP के पार्षद स्वयं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ आना चाहते हैं, ऐसे में किसी को तोड़ने की कोई आवश्यकता ही नहीं है।

CM रेखा गुप्ता का दावा, AAP पार्षद खुद BJP के साथ आने को तैयार, तोड़फोड़ की जरूरत नहीं
फोटो: CM रेखा गुप्ता का दावा, AAP पार्षद खुद BJP के साथ आने को तैयार, तोड़फोड़ की जरूरत नहीं
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नगर निगम को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी (AAP) के पार्षद स्वयं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ आना चाहते हैं, ऐसे में किसी को तोड़ने की कोई आवश्यकता ही नहीं है। उन्होंने यह बयान इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2025 के दौरान दिया। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली की जनता अब डबल इंजन सरकार चाहती है, जहां राज्य और केंद्र सरकार मिलकर राजधानी के विकास को गति दें। 

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अकेले मुख्यमंत्री नहीं बनी हैं, बल्कि यह जिम्मेदारी पूरी सरकार की है, और सभी को मिलकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी सरकार केंद्र के साथ समन्वय स्थापित कर दिल्ली को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी, जबकि पिछली सरकारें इस तरह मिलकर काम नहीं करना चाहती थीं।

शीशमहल नहीं, जनता के बीच रहकर सरकार चलाएंगे


पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधते हुए रेखा गुप्ता ने कहा, "मैं शीशमहल में रहकर सरकार नहीं चला सकती। मेरी सरकार जनता के बीच रहकर काम करेगी।" उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी प्राथमिकता दिल्लीवासियों को बेहतर सुविधाएं देना है। रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली सरकार ने समर एक्शन प्लान पर काम शुरू कर दिया है। गर्मी के दौरान पानी की किल्लत और बारिश में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल दिल्लीवासियों को जल संकट का सामना नहीं करना पड़ेगा, साथ ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को भी नियंत्रित किया जाएगा।

प्रदूषण से राहत दिलाने पर सरकार का फोकस


दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण और यमुना नदी की सफाई को लेकर रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार समयबद्ध तरीके से समाधान पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि जल और वायु प्रदूषण दोनों को कम करने के लिए विशेषज्ञों की राय ली जा रही है। यमुना सफाई अभियान पहले ही शुरू किया जा चुका है और इसमें गिरने वाले नालों की सफाई की जा रही है। इसके अलावा, पराली जलाने की समस्या को रोकने के लिए दिल्ली सरकार पड़ोसी राज्यों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण मुक्त बनाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है, और जल्द ही इस दिशा में ठोस बदलाव देखने को मिलेंगे।

Read This Also:- "370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर का पहला बजट पेश, CM उमर अब्दुल्ला बोले- विकास की नई राह तय करेगा"