मंगलवार को सपा जिलाध्यक्ष अजय सागर के माध्यम से जारी बयान में आजम खान ने कहा कि समाजवादी पार्टी को रामपुर में हुए अन्याय का मुद्दा संसद में संभल की तरह ही मजबूती से उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि रामपुर में सफल प्रयोग के बाद ही संभल पर हमला हुआ। रामपुर की स्थिति पर इंडिया गठबंधन मूकदर्शक बनकर तमाशा देखता रहा और मुस्लिम नेतृत्व को कमजोर करने की साजिश में शामिल रहा। यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि इंडिया ब्लॉक ने मुसलमानों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया। अब समय आ गया है कि इंडिया ब्लॉक मुसलमानों पर हो रहे हमलों और उनकी वर्तमान दयनीय स्थिति पर अपना स्पष्ट रुख सामने रखे, अन्यथा मुसलमान समाज को अपने राजनीतिक भविष्य और मताधिकार के बारे में गंभीरता से पुनर्विचार करना होगा।
बयान में आजम खान ने गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि देश में मुसलमानों को जानबूझकर अलग-थलग करने और उन्हें समाज की मुख्यधारा से दूर करने की सुनियोजित कोशिश की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके धार्मिक स्थलों को विवादों में घसीटकर उन्हें नष्ट करने की गहरी साजिश रची जा रही है। आजम खान ने दृढ़ता से चेतावनी देते हुए कहा कि मुसलमान समुदाय अब इन षड्यंत्रकारियों और दोमुंहे लोगों की झूठी सहानुभूति में नहीं आएगा, और किसी भी कीमत पर देश के इस महत्वपूर्ण अल्पसंख्यक समुदाय को कमजोर नहीं पड़ने दिया जाएगा।





