वायरल वीडियो में सिरोंज के भाजपा विधायक उमाकांत शर्मा के प्रतिनिधि और लटेरी नगर परिषद अध्यक्ष के पति संजय अत्तु भंडारी बेहद गुस्से में नजर आये। संजय ने सांसद से कहा, “जो लोग आज बात कर रहे हैं, वे लोकसभा चुनाव में कहां थे? हमने 13 मतदान केंद्रों पर कांग्रेस का कोई भी पोलिंग एजेंट नहीं बैठने दिया। हम लड़े हैं आपके लिए।’ वहीं, वीडियो में एक युवक दावा कर रहा है कि उसने फ़र्ज़ी तरीके से 15 वोट सांसद के लिए डाले थे। नाराज़ भाजपाइयों ने सांसद से कहा, “आपका भोजन जिस शख़्स के यहां सुनिश्चित हुआ है, वह कांग्रेसी है। हमारी विचाराधारा का नहीं है। अगर आप उसके यहां खाना खाने जाओगी तो कार्यकर्ताओं और पार्टी की नाक कट जायेगी।”
इधर, इस पूरे मामले में कांग्रेस ने आक्रामक रुख़ अपनाया हुआ है। मध्यप्रदेश कांग्रेस ने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग को कांग्रेस की तरफ़ से फर्ज़ीवाड़े को लेकर पहले ही सावधान किया गया था। कांग्रेस ने सबूतों के साथ आयोग को फर्ज़ी वोटों से जुड़ी शिक़ायतें दर्ज़ करायी थी, लेकिन आयोग की तरफ़ से कोई क़दम नहीं उठाया गया। अब सब कुछ चुनाव आयोग के सामने है। भाजपाई ख़ुद सच्चाई बयां कर रहे है, आयोग को मामले में संज्ञान लेना चाहिये। कांग्रेस ने कहा कि अगर चुनाव आयोग इस बेहद गंभीर मामले में कोई कार्रवाई नहीं करता है तो कांग्रेस मसले को लेकर कोर्ट जायेगी। पार्टी आसानी से इस मुद्दे को छोड़ने वाली नहीं है।
गौर करने वाली बात यह भी है कि लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी ने कांग्रेस को कमजोर करने के लिए चर्चित ऑपरेशन ‘लोटस’ चलाया हुआ था। इसके तहत कई कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं को बीजेपी में शामिल किया गया। इन सब मामलों में एक मामला बहुत चर्चित भी हुआ था। वह नाम है अक्षय कांति बम, अक्षय ने कांग्रेस की तरफ़ से इंदौर की लोकसभा सीट से टिकट लिया, और अंतिम मौके पर अपना नाम चुनाव से वापस ले लिया। नाम वापस लेने के बाद अक्षय बीजेपी में शामिल हो गये। ऐसे ही खजुराहो लोकसभा सीट कांग्रेस ने इंडिया गठबंधन के पार्टनर समाजवादी पार्टी (सपा) को दी थी, लेकिन सपा उम्मीदवार का पर्चा रद्द हो गया।
मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव
लोकसभा चुनाव 2024 में किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि कांग्रेस एक भी सीट नहीं जीत सकेगी। लेकिन चुनाव परिणाम ने सबको हैरान कर दिया। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव आयोग के डेटा के अनुसार, इस साल हुए लोकसभा के चुनाव में कांग्रेस का वोट शेयर घटा है, जबकि बीजेपी का बढ़ा है। बीजेपी का वोट शेयर लोकसभा 2019 के चुनाव में 58 फ़ीसद था, जो 2024 के आम चुनाव में मामूली स्तर पर बढ़कर 59.27 हो गया। कांग्रेस का 2019 के चुनाव में वोट शेयर 34.5 था, जो घटकर 32.44 हो गया।





