Molitics Logo
होम "बीजेपी विधायक ने मनीष सिसोदिया पर लगाया चोरी का आरोप, दफ्तर से सामान गायब"

"बीजेपी विधायक ने मनीष सिसोदिया पर लगाया चोरी का आरोप, दफ्तर से सामान गायब"

सिसोदिया ने कार्यालय से एसी, टीवी, टेबल, कुर्सी और पंखे तक गायब कर दिए हैं। इस मामले में रवि नेगी ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है और कहा है कि वह सिसोदिया |

"बीजेपी विधायक ने मनीष सिसोदिया पर लगाया चोरी का आरोप, दफ्तर से सामान गायब"
फोटो: Manish Sisodia
भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नवनिर्वाचित विधायक रवि नेगी ने आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रवि नेगी ने सिसोदिया पर पटपड़गंज विधानसभा के कैंप कार्यालय से सरकारी संपत्ति चोरी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि सिसोदिया ने कार्यालय से एसी, टीवी, टेबल, कुर्सी और पंखे तक गायब कर दिए हैं। इस मामले में रवि नेगी ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है और कहा है कि वह सिसोदिया को नोटिस भेजेंगे।

सोमवार रात, भाजपा विधायक रवि नेगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने मनीष सिसोदिया पर पटपड़गंज विधानसभा कैंप कार्यालय से सरकारी संपत्ति चुराने का आरोप लगाया। उन्होंने वीडियो में कहा, “आम आदमी पार्टी के पूर्व विधायक मनीष सिसोदिया का असली चेहरा अब सामने आ गया है। चुनाव से पहले ही उन्होंने विधानसभा कैंप कार्यालय से सरकारी सामान गायब कर दिया। एसी, टीवी, टेबल, कुर्सियां, पंखे—सब कुछ चोरी कर लिया। यह भ्रष्टाचार की हदें पार कर चुका है। हम जनता के हक की रक्षा करेंगे और ऐसे भ्रष्टाचारियों को बेनकाब करेंगे।”

वीडियो में रवि नेगी पटपड़गंज के कैंप कार्यालय में दिखाई दे रहे हैं, जो पहले मनीष सिसोदिया के पास था, और अब वह विधायक रवि नेगी को सौंपा गया है। वीडियो में वह बताते हैं कि कार्यालय पूरी तरह से खाली कर दिया गया है और वहां कोई सामान नहीं बचा है। उन्होंने कहा, "यह कार्यालय जनता की सेवा के लिए बनाया गया था, लेकिन यहां रखा हर एक सामान गायब कर दिया गया है। ये लोग, जो खुद को ईमानदार कहते थे, उन्होंने सरकारी संपत्ति को लूट लिया। अब यह कार्यालय खाली पड़ा है और हमें फिर से सभी चीजें जुटानी पड़ेंगी।" रवि नेगी ने यह भी दावा किया कि इस कार्यालय में करीब 250-300 कुर्सियां, महंगे एसी, 2-3 लाख रुपये का टीवी, 12 लाख रुपये का साउंड सिस्टम और अन्य फर्नीचर था, जिसे पूरी तरह से हटा लिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी संपत्ति को उखाड़कर ले जाया गया और दरवाजों को भी क्षतिग्रस्त किया गया।

रवि नेगी ने कहा कि वह इस मामले को हल्के में नहीं लेंगे और सरकार इस मुद्दे की पूरी जांच करवाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि, “सिसोदिया जी, आपको भाजपा सरकार नोटिस भेजेगी और कोर्ट के माध्यम से आपसे इस नुकसान की भरपाई करवाई जाएगी। जितना सामान आप अपने साथ लेकर गए हैं, वह वापस करना ही होगा।” मनीष सिसोदिया तीन बार पटपड़गंज से विधायक रह चुके हैं, लेकिन इस बार उन्होंने जंगपुरा से चुनाव लड़ा था, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। पटपड़गंज सीट से इस बार भाजपा उम्मीदवार रवि नेगी ने जीत दर्ज की है।

Read This Also:- सुरक्षा में कटौती के कारण शिंदे गुट में असंतोष, क्या बीजेपी-शिवसेना का गठबंधन खतरे में?