Molitics Logo
होम Bihar Polls: PM मोदी ने बताया मखाना को सुपरफूड, तो लालू यादव ने किया तंज – ‘अगली बार बिहारी भूंजा खाएंगे’

Bihar Polls: PM मोदी ने बताया मखाना को सुपरफूड, तो लालू यादव ने किया तंज – ‘अगली बार बिहारी भूंजा खाएंगे’

न्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तंज कसते हुए लिखा, अबकी बार तो हमारे सवालों पर PM ने साल में 300 दिन ही मखाना खाने की बात कही है।

Bihar Polls: PM मोदी ने बताया मखाना को सुपरफूड, तो लालू यादव ने किया तंज – ‘अगली बार बिहारी भूंजा खाएंगे’
फोटो: Lalu Yadav
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को बिहार के भागलपुर पहुंचे, जहां उन्होंने अपने संबोधन के दौरान बिहार की समृद्धि और उसकी विशेषताओं पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने बिहार के मशहूर मखाने का जिक्र करते हुए इसे 'सुपरफूड' बताया। पीएम मोदी ने कहा था कि वे साल के 365 में से 300 दिन मखाना जरूर खाते हैं, क्योंकि यह स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद है। उन्होंने यह भी कहा था कि मखाना अब सिर्फ बिहार या भारत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बनी है। प्रधानमंत्री मोदी के इस बयान पर लालू यादव ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। 

लालू यादव का पीएम मोदी पर कटाक्ष


प्रधानमंत्री मोदी के मखाना प्रेम पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर तंज कसते हुए लिखा, "अबकी बार तो हमारे सवालों पर PM ने साल में 300 दिन ही मखाना खाने की बात कही है। अगली बार 350 दिन बिहारी भूंजा खाएंगे, 100 दिन भागलपुरी सिल्क पहनेंगे, छठ मैया का व्रत करेंगे, गंगा मैया में डुबकी लगाएंगे, जानकी मैया के मंदिर जाएंगे। बिहार से बचपन का रिश्ता स्थापित करेंगे। मधुबनी पेंटिंग्स का गमछा या कुर्ता पहनेंगे और भोजपुरी, मगही, अंगिका, बज्जिका, सुरजापुरी और मैथिली भाषा की 2-4 उधारी लाइनों से संबोधन की शुरुआत करेंगे। साथ ही जननायक कर्पूरी ठाकुर, लोकनायक जयप्रकाश नारायण और अन्य महापुरुषों से संबंध बताएंगे।"

पीएम मोदी ने लालू यादव पर साधा निशाना


अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए लालू प्रसाद यादव पर भी हमला बोला था। उन्होंने कहा था, "पहले बिहार का किसान संकट से घिरा रहता था। जो लोग पशुओं का चारा खा सकते हैं, वे इन स्थितियों को कभी नहीं बदल सकते। लेकिन एनडीए सरकार ने इन हालातों को बदला है। हमने किसानों को सैकड़ों आधुनिक किस्म के बीज उपलब्ध कराए हैं। पहले यूरिया की किल्लत और कालाबाजारी होती थी। किसानों को यूरिया के लिए लाठियां खानी पड़ती थीं। लेकिन अब किसानों को बिना किसी परेशानी के खाद मिल रही है। अगर एनडीए की सरकार न होती तो किसानों को आज भी वही मुश्किलें झेलनी पड़तीं और उन्हें यूरिया की एक बोरी 3000 रुपये में खरीदनी पड़ती।"

बिहार का मखाना न केवल राज्य की अर्थव्यवस्था का एक अहम हिस्सा है, बल्कि यह पूरे देश में सुपरफूड के रूप में प्रसिद्ध हो चुका है। बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मखाने की खेती होती है और इसका निर्यात विदेशों में भी किया जाता है। पीएम मोदी का मखाने पर जोर देना, कहीं न कहीं बिहार के किसानों को साधने की कोशिश के रूप में भी देखा जा रहा है।

Read This Also:- Bihar: नीतीश कुमार ने मंत्रिमंडल का किया विस्तार, BJP के 7 विधायकों को मिला स्थान