कांग्रेस संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने इस संबंध में एक आधिकारिक नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है। नई नियुक्तियों के तहत, हिमाचल प्रदेश और चंडीगढ़ का प्रभार रजनी पाटिल को दिया गया है, जबकि हरियाणा की जिम्मेदारी बी.के. हरिप्रसाद को सौंपी गई है। हरीश चौधरी को मध्य प्रदेश, गिरीश चोड़नकर को तमिलनाडु और पुडुचेरी, अजय कुमार लल्लू को ओडिशा, के. राजू को झारखंड, मीनाक्षी नटराजन को तेलंगाना, सप्तगिरि संकर उलाका को पूर्वोत्तर राज्यों (मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम और नागालैंड) और कृष्णा अल्लावरु को बिहार का प्रभारी बनाया गया है।
इसके साथ ही, पार्टी ने कई नेताओं को उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर दिया है। जिन नेताओं को पदमुक्त किया गया है, उनमें राजीव शुक्ला (हिमाचल प्रदेश), मोहन प्रकाश (बिहार), देवेंद्र यादव (पंजाब), अजय कुमार (ओडिशा), दीपक बाबरिया (हरियाणा) और भारत सिंह सोलंकी (जम्मू-कश्मीर) शामिल हैं।
कांग्रेस के इस संगठनात्मक बदलाव को पार्टी के पुनर्गठन और आगामी चुनावों की तैयारी के रूप में देखा जा रहा है। लगातार मिल रही चुनावी विफलताओं और राज्यों में पार्टी के कमजोर होते जनाधार को देखते हुए, कांग्रेस ने यह बड़ा कदम उठाया है। मल्लिकार्जुन खरगे के नेतृत्व में पार्टी अब नए सिरे से संगठन को मजबूत करने और राज्यों में पार्टी की पकड़ को दोबारा स्थापित करने की कोशिश कर रही है।





