कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने गुरुवार को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की जगह का दौरा किया, जिसमें 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और कई अन्य घायल हुए थे। यह भगदड़ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की आईपीएल 2025 में जीत के बाद आयोजित विजय जुलूस के दौरान हुई थी।
घटनास्थल पर मीडिया से बात करते हुए गृह मंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने न तो रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और न ही कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) से किसी प्रकार के आयोजन का अनुरोध किया था।
परमेश्वर ने कहा, "हमने RCB या KSCA से कोई आग्रह नहीं किया था। उन्होंने ही यह आयोजन किया और टीम को बेंगलुरु लाए। चूंकि यह शहर की टीम थी, सरकार ने सिर्फ व्यवस्था में सहयोग दिया।"
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने घटना की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने जोड़ा, "मुख्यमंत्री ने जांच के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी स्तर पर चूक पाई जाती है, तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।" राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को ₹10 लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है।
मैंने 10 शव देखे... कोई कैसे सहन करे- डिप्टी सीएम
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि किस तरह हालात अचानक बिगड़ गए और किस तरह पुलिस अधिकारियों ने कार्यक्रम को तत्काल खत्म करने को कहा। उन्होंने कहा, “पुलिस कमिश्नर ने मुझे सिर्फ 10 मिनट में कार्यक्रम खत्म करने के लिए कहा। मैं तुरंत वहां पहुंचा। उन्होंने बताया कि 1-2 लोगों की मौत हो चुकी है और हालात गंभीर हैं।” यह भगदड़ रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में पहली बार खिताब जीतने के बाद आयोजित एक सार्वजनिक सम्मान समारोह के दौरान हुई।





