गुरुवार को सुरक्षा बलों ने पुलवामा जिले के त्राल स्थित नादेर गांव में सटीक कार्रवाई करते हुए तीन आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ की शुरुआत उस समय हुई जब सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों तरफ से घेर कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसका सुरक्षाबलों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। अभियान समाप्ति तक तीन आतंकवादी ढेर किए जा चुके थे, जिनकी शिनाख्त की जा रही है।
इससे एक दिन पहले, 13 मई को शोपियां में ‘ऑपरेशन केलर’ के तहत सेना ने तीन आतंकियों को ढेर कर दिया था। खुफिया जानकारी के आधार पर शुरू हुए इस ऑपरेशन में सेना को भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद भी बरामद हुआ। यह मुठभेड़ भी रणनीतिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। उल्लेखनीय है कि 22 अप्रैल को पहलगाम में पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद से ही जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाबलों की तैनाती है और लगातार सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं।
भारत ने इस हमले के जवाब में 6-7 मई की रात ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम दिया, जिसमें पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया गया। यह ऑपरेशन भारतीय वायुसेना, थलसेना और नौसेना की संयुक्त कार्रवाई का हिस्सा था और इसका संदेश स्पष्ट था – आतंक का जवाब निर्णायक और घातक होगा।





