Molitics Logo
होम अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से मिले नोटों के मामले में उनकी अनूठी मांग – सांसदों की सीटें लॉक होनी चाहिए

अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से मिले नोटों के मामले में उनकी अनूठी मांग – सांसदों की सीटें लॉक होनी चाहिए

भाजपा सांसदों ने इसे गंभीर मामला बताया है। गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि किसी सांसद की सीट से नोटों का बंडल मिलना चिंताजनक है।

अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से मिले नोटों के मामले में उनकी अनूठी मांग – सांसदों की सीटें लॉक होनी चाहिए
फोटो: अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से मिले नोटों के मामले में उनकी अनूठी मांग – सांसदों की सीटें लॉक होनी चाहिए
संसद के उच्च सदन राज्यसभा में शुक्रवार को तब हंगामा मच गया, जब चेयरमैन जगदीप धनखड़ ने बताया कि अभिषेक मनु सिंघवी की सीट से नोटों का बंडल मिला है। उन्होंने कहा कि कल सदन स्थगित होने के बाद की नियमित जांच में सीट नंबर 222 से सुरक्षा अधिकारियों को नोटों का बंडल मिला, जो सीट अभिषेक मनु सिंघवी को आवंटित है। राज्यसभा के चेयरमैन ने इस मामले की जांच का आश्वासन दिया। इस जानकारी के बाद सदन में हंगामा मच गया और भाजपा सांसदों ने कांग्रेस से स्पष्टीकरण की मांग की।

इस पर अभिषेक मनु सिंघवी ने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि वे कल मात्र तीन मिनट के लिए सदन में थे। साथ ही उन्होंने एक सुझाव देते हुए कहा कि सीटों को लॉक करने की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे कोई अन्य व्यक्ति वहां कुछ न रख सके। सिंघवी ने कहा, 'मैं इस बात से आश्चर्यचकित हूं। मैंने ऐसा पहले कभी नहीं सुना। मैं कल दोपहर 12:57 पर सदन में गया और 1 बजे बाहर आ गया। फिर 1 से डेढ़ बजे तक अयोध्या प्रसाद के साथ कैंटीन में लंच किया और वहीं से चला गया। कुल मिलाकर सदन में तीन मिनट और कैंटीन में आधा घंटा रहा।'

उन्होंने आगे कहा, 'खेद है कि ऐसे मामलों का भी राजनीतिकरण हो रहा है। जांच इस बात की होनी चाहिए कि कोई किसी की सीट पर कुछ भी कैसे रख सकता है। मेरा सुझाव है कि सभी सांसदों को लॉक करने योग्य सीटें मिलें। सांसद आने पर अनलॉक करें और जाते समय लॉक कर जाएं। चाबी केवल संबंधित सांसद के पास रहे। यह इसलिए जरूरी है क्योंकि कोई अन्य व्यक्ति सीट का दुरुपयोग कर सकता है और फिर सांसद पर आरोप लगते हैं। मेरा मानना है कि सभी को इस सुझाव का समर्थन करना चाहिए।'

दूसरी ओर, भाजपा सांसदों ने इसे गंभीर मामला बताया है। गोरखपुर से भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि किसी सांसद की सीट से नोटों का बंडल मिलना चिंताजनक है। उन्होंने सभापति द्वारा जांच के आदेश का स्वागत किया और कहा कि यह सत्य सामने लाने के लिए आवश्यक है।