Molitics Logo
होम AAP का जन्म बीजेपी-आरएसएस के समर्थन से हुआ- कांग्रेस नेता उदित राज का दावा

AAP का जन्म बीजेपी-आरएसएस के समर्थन से हुआ- कांग्रेस नेता उदित राज का दावा

उदित राज ने कहा, “अन्ना हजारे अकेले थे और अरविंद केजरीवाल केवल एक NGO चलाते थे। लेकिन पर्दे के पीछे से बीजेपी, आरएसएस, बजरंग दल, वीएचपी और एबीवीपी का समर्थन उन्हें मिला।"

AAP का जन्म बीजेपी-आरएसएस के समर्थन से हुआ- कांग्रेस नेता उदित राज का दावा
फोटो: AAP का जन्म बीजेपी-आरएसएस के समर्थन से हुआ- कांग्रेस नेता उदित राज का दावा
इंडिया गठबंधन से आम आदमी पार्टी (AAP) की दूरी को लेकर कांग्रेस नेता डॉ. उदित राज ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दावा किया कि आम आदमी पार्टी का जन्म भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के समर्थन से हुआ था। उदित राज यह टिप्पणी आप सांसद संजय सिंह के उस बयान के बाद कर रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि आप अब इंडिया गठबंधन का हिस्सा नहीं रही और यह गठबंधन सिर्फ अल्पसंख्यकों के लिए बनाया गया है।

बीजेपी-आरएसएस ने दिया था मंच- उदित राज

मीडिया से बातचीत में उदित राज ने कहा, “अन्ना हजारे अकेले थे और अरविंद केजरीवाल केवल एक NGO चलाते थे। लेकिन पर्दे के पीछे से बीजेपी, आरएसएस, बजरंग दल, वीएचपी और एबीवीपी का समर्थन उन्हें मिला। बीजेपी ने उन्हें एक मंच और आंदोलन दिया, जिससे 'आप' का जन्म हुआ।” उन्होंने आगे आरोप लगाया कि AAP की विचारधारा बीजेपी और आरएसएस से काफी मिलती-जुलती है। उदित राज ने कहा,“अरविंद केजरीवाल दलित और सामाजिक न्याय विरोधी हैं।" 

उन्होंने यह भी जोड़ा कि “संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हम इंडिया गठबंधन में एक साथ आए थे। अगर AAP बाहर होती है, तो भी इसका मतलब यह नहीं है कि गठबंधन कमजोर पड़ गया है। वे भविष्य में वापस भी आ सकते हैं, लेकिन उनके इरादे सवालों के घेरे में हैं।”

INDIA  गठबंधन से अलग हुई AAP

शुक्रवार को राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने स्पष्ट किया कि AAP आगामी मानसून सत्र से पहले होने वाली INDIA ब्लॉक की किसी भी बैठक में हिस्सा नहीं लेगी। संजय सिंह ने कहा, "AAP अब INDIA गठबंधन का हिस्सा नहीं है। अरविंद केजरीवाल जी और पार्टी नेतृत्व पहले ही यह निर्णय सार्वजनिक रूप से स्पष्ट कर चुके हैं।" उन्होंने बताया कि INDIA गठबंधन का गठन मुख्य रूप से 2024 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखकर किया गया था। चुनावों के बाद, AAP ने हरियाणा और दिल्ली सहित सभी विधानसभा चुनावों में अकेले दम पर भाग लिया है। संजय सिंह ने कहा, "अब हमने बिहार विधानसभा चुनाव भी स्वतंत्र रूप से लड़ने का फैसला किया है।"