किस राज्य की कितनी सीटों पर चुनाव
चौथे चरण में कुल 96 लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ। इनमें तेलंगाना की 17, आंध्र प्रदेश की 25, उत्तर प्रदेश की 13, बिहार की 5, झारखंड की 4, मध्य प्रदेश की 8, महाराष्ट्र की 11, ओडिशा की 4, पश्चिम बंगाल की 8 और जम्मू-कश्मीर की एक सीट शामिल है।
किन राज्यों में कितना फ़ीसद मतदान हुआ
तेलंगाना में 64.93 फ़ीसद, आंध्र प्रदेश में 78.25 फ़ीसद, उत्तर प्रदेश की 58.5 फ़ीसद, बिहार में 57.06 फ़ीसद, झारखंड में 65.31 फ़ीसद, मध्य प्रदेश में 70.98 फ़ीसद, महाराष्ट्र में 59.64 फ़ीसद, ओड़िशा 73.97 फ़ीसद, पश्चिमी बंगाल में 78.44 फ़ीसद और जम्मू - कश्मीर में 37.98 फ़ीसद मतदान हुआ
चौथे चरण मतदान के दौरान की प्रमुख ख़बरें
आंध्र प्रदेश में सत्तारूढ़ युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता ने तेनाली में मतदान की लाइन में लगे एक व्यक्ति को थप्पड़ मार दिया। नेता की नज़र में व्यक्ति की गलती सिर्फ यह थी कि उसने नेता को लाइन न तोड़ने के लिए कहा था।
निर्वाचन आयोग ने कहा है कि उसे सोमवार को 1000 से ज़्यादा शिक़ायतें मिलींं जिनमें ईवीएम की ख़राबी, लोगों को बूथ में प्रवेश करने से रोकना इत्यादि शामिल हैं। ओड़िशा में ईवीएम मशीन ख़राब होने से संबंधित काफ़ी शिक़ायतें आयी है।
उत्तर प्रदेश के शाहजहाँपुर के कुछ गाँवों में मतदान का बहिष्कार किया गया। बहिष्कार का कारण मौजूदा नेताओं का काम न करना रहा है।
हैदराबाद से भाजपा की लोकसभा प्रत्याशी माधवी लता पर पुलिस ने केस दर्ज़ किया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक मतदान बूथ पर माधवी कुछ मुस्लिम महिलाओं को बुर्क़ा हटाने के लिए बोलती है और उनके पहचान पत्र की जाँच करती है। इसके ख़िलाफ़ कुछ लोगों और नेताओं ने आपत्ति जतायी थी।





