सांसदों को मिली मतदान की अनुमति
परिसीमन बिल को लेकर संसद में बढ़ती राजनीतिक हलचल के बीच तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के 20 बागी सांसदों को मतदान करने की इजाजत मिलेेने का संकेत मिला है। लोकसभा सचिवालय के सूत्रों के अनुसार, इन सांसदों को संसद के विशेष सत्र में अपनी मर्जी से वोट डालने की अनुमति होगी। सत्ताधारी दल के लिए परिसीमन बिल को पारित कराने में इन सांसदों के मत महत्वपूर्ण साबित हो सकते हैं।
इस संबंध में टीएमसी की राज्यसभा सांसद सागरिका घोष ने सवाल उठाया था, जिसमें उन्होंने कहा कि 20 सांसदों के खिलाफ अयोग्यता की याचिकाएं छह महीने से लंबित हैं, लेकिन अब तक इस पर कोई निर्णय नहीं हुआ है। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या ये सांसद लोकसभा में परिसीमन बिल पर वोट डाल सकेंगे।
अयोग्यता याचिकाएं और मतदान अधिकार
एनडीटीवी की एक रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा सचिवालय ने स्पष्ट किया है कि किसी सांसद को तब तक मतदान से नहीं रोका जा सकता, जब तक उसे औपचारिक रूप से अयोग्य नहीं घोषित किया गया है। याचिका का लंबित रहना सांसद के संसदीय अधिकारों को समाप्त नहीं करता। इस प्रकार, निर्णय आने तक सदस्यों को सदन की कार्यवाही में भाग लेने और मतदान करने का अधिकार रहेगा।
इस साल जून में, काकली घोष दस्तीदार के नेतृत्व में ये 20 सांसद टीएमसी से अलग हुए थे। इसके बाद उन्होंने एनसीपीआई में शामिल होकर एनडीए का समर्थन किया। इनमें ममता बनर्जी के करीबी सहयोगी सायोनी घोष और यूसुफ पठान भी शामिल हैं।
सांसदों के जवाब और स्पीकर की भूमिका
यहां यह उल्लेखनीय है कि इन बागी सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से टीएमसी सांसदों से अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की थी, जिसे स्पीकर ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद टीएमसी के महासचिव अभिषेक बनर्जी ने इन सांसदों की सदस्यता खत्म करने के लिए अलग-अलग याचिकाएं दायर की थीं।
लोकसभा सचिवालय ने इन सांसदों को 26 अगस्त 2026 को अयोग्यता याचिकाओं के संबंध में नोटिस जारी किया था। सभी सांसदों ने 24 नवंबर को स्पीकर के सामने अपना लिखित जवाब पेश किया। अब स्पीकर उनके जवाबों की समीक्षा करेंगे और अयोग्यता याचिकाओं पर अंतिम निर्णय लेंगे। इस बीच, टीएमसी ने अयोग्यता की प्रक्रिया पर शीघ्र निर्णय लेने के लिए सुप्रीम कोर्ट में भी याचिका दायर की है।
बागी सांसदों का एनसीपीआई में विलय
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी की हार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा, जिसके चलते 20 बागी सांसदों ने 14 जून 2026 को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर अलग संसदीय गुट के रूप में बैठने की मांग की। इन सांसदों ने नेशनलिस्ट सिटिजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (एनसीपीआई) में विलय की घोषणा की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ सहयोग करने का संकल्प लिया।
बागी गुट में सायोनी घोष, यूसुफ पठान, सुदीप बंद्योपाध्याय, काकली घोष दस्तीदार, शताब्दी रॉय, जून मालिया, दीपक अधिकारी (देव) और रचना बनर्जी समेत 20 सांसद शामिल थे। उनका कहना था कि टीएमसी के लोकसभा सांसदों में दो-तिहाई से अधिक उनके साथ हैं, इसलिए वे दल-बदल कानून से बचने के लिए एनसीपीआई में विलय कर रहे हैं। इसके बाद टीएमसी ने इन सांसदों के खिलाफ सदस्यता समाप्त करने की याचिकाएं दायर कीं।





