Molitics Logo
होम राष्ट्रीय DMK ने परिसीमन विधेयक के समर्थन की घोषणा की, केंद्र से मिली सहमति
राष्ट्रीय • तमिलनाडु

DMK ने परिसीमन विधेयक के समर्थन की घोषणा की, केंद्र से मिली सहमति

DMK प्रमुख एमके स्टालिन ने विधेयक के समर्थन में पार्टी की शर्तें मानने की पुष्टि की।

DMK ने परिसीमन विधेयक के समर्थन की घोषणा की, केंद्र से मिली सहमति
फोटो: DMK Announces Support for Delimitation Bill, Receives Approval from Center

परिसीमन विधेयक की तैयारी पूरी

केंद्र सरकार संसद के विशेष सत्र के दौरान परिसीमन विधेयक पेश करने की योजना बना रही है, जिसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संविधान संशोधन विधेयक के लिए आवश्यक दो तिहाई बहुमत पहले से ही जुटा लिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, तमिलनाडु की डीएमके से सहमति के बाद ही 30 नवंबर से संसद का विशेष सत्र बुलाने का निर्णय लिया गया है।


डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने भी इस विधेयक के समर्थन की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि अप्रैल में उठाई गई दोनों शर्तें अब सरकार द्वारा मान ली गई हैं, जिसे उन्होंने पार्टी की बड़ी जीत करार दिया।


डीएमके की बैठक में महत्वपूर्ण चर्चा

27 नवंबर की सुबह, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन के आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक हुई, जिसमें संसदीय दल की नेता कनिमोझी और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। इस बैठक में परिसीमन विधेयक पर चर्चा की गई। स्टालिन ने अपने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी करते हुए केंद्र सरकार को याद दिलाया कि डीएमके हमेशा निष्पक्ष परिसीमन का समर्थन करती रही है।


स्टालिन ने सरकार के सामने दो मुख्य मांगें रखीं। पहली यह कि अगर लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाई जाती है, तो तमिलनाडु की मौजूदा 7.18 प्रतिशत सीटों की हिस्सेदारी को कम नहीं होने दिया जाना चाहिए। दूसरी मांग यह थी कि 1971 की जनगणना के आधार पर तय सांसदों की संख्या का अनुपात अगले 25 वर्षों तक बरकरार रखा जाए।


केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में DMK की शर्तें मानी गईं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में सभी राज्यों में लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। केंद्र सरकार का यह प्रस्ताव राज्यों के बीच लोकसभा में प्रतिनिधित्व के मौजूदा अनुपात को बनाए रखेगा। इस कदम से दक्षिणी राज्यों की उस चिंता को दूर करने की कोशिश की गई है कि जनसंख्या के आधार पर परिसीमन से उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे अधिक आबादी वाले राज्यों की सीटें तेजी से बढ़ेंगी।


लोकसभा की कुल 543 सीटों में 50 प्रतिशत की वृद्धि के बाद यह संख्या 850 हो जाएगी, जिसमें केंद्रशासित प्रदेशों की 35 सीटें शामिल होंगी।


कनिमोझी की भूमिका और DMK की अगली रणनीति

केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में DMK की प्रमुख मांगों को शामिल कर लिया गया है। DMK सूत्रों के अनुसार, कनिमोझी को केंद्र सरकार के प्रस्तावित बदलावों के बारे में पहले ही अनौपचारिक रूप से जानकारी मिल चुकी थी। स्टालिन के आवास पर हुई बैठक में कनिमोझी ने उन्हें इसके बारे में बताया। इस पूरे घटनाक्रम में भाजपा और DMK के बीच कनिमोझी एक पुल का कार्य कर रही थीं।


DMK ने अपने लोकसभा और राज्यसभा सांसदों की एक बैठक 28 नवंबर को बुलाई है। पार्टी के प्रवक्ता टी.के.एस. इलांगोवन ने बताया कि पार्टी किसी अंतिम निर्णय से पहले नए विधेयक की समीक्षा करेगी। उन्होंने कहा, "अगर हमारी मांगें पूरी होती हैं और तमिलनाडु के साथ अन्य दक्षिणी राज्यों को कोई नुकसान नहीं पहुंचता है, तो हम इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए तैयार रहेंगे।"