कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन तेज
राजस्थान के सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन तेज हो रहा है। हाल ही में, आशुतोष रांका और उनके सहयोगियों के साथ एक गांव में हुई मारपीट के बाद पार्टी ने लगातार विरोध प्रदर्शन किया है। आज सौरव दास, जो पार्टी के प्रवक्ता हैं, ने एक वीडियो साझा किया जिसमें पत्रकारों को स्कूलों की स्थिति पर जिला शिक्षा अधिकारी से सवाल करते हुए दिखाया गया है। वीडियो में अधिकारी सवालों का जवाब देने से बचते हुए नजर आ रहे हैं।
सौरव दास ने इस वीडियो को साझा करते हुए शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को एक बार फिर से चुनौती दी है। उन्होंने लिखा, "उन्हें लगा कि वे आशु (आशुतोष रांका) और कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्यों पर शारीरिक हमला कर सकते हैं और मामला यहीं खत्म हो जाएगा। मैंने भाजपा से यह बात पहले भी कही है और फिर से कह रहा हूँ। 'स्ट्राइसैंड इफेक्ट' के बारे में जरा पढ़ तो लीजिए!"
राजकीय स्कूलों की खस्ता हालत पर सवाल
सौरव दास ने आगे कहा कि अच्छे कार्यों के लिए एकजुट हुए लोग किसी भी बाधा को पार कर सकते हैं। उन्होंने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पर निशाना साधते हुए कहा, "मदन दिलावर जी, आपके पास अब बहुत कम समय बचा है।"
इस बीच, आशुतोष रांका पर हमले के संदर्भ में कॉकरोच जनता पार्टी का आरोप है कि उन पर हमला करने वाले लोग गांव के निवासी नहीं थे, बल्कि भाजपा के कार्यकर्ता थे।
कॉकरोच पार्टी की चेतावनी
आशुतोष रांका पर हुए हमले के बाद, कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री मदन दिलावर को चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई, तो पार्टी आंदोलन करेगी।
दीपके ने बताया कि उनकी टीम को जानकारी मिली थी कि रामपुरा-कंवरपुरा में एक सरकारी स्कूल तबेले में संचालित किया जा रहा था। जब उनकी टीम ने वहां पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना चाहा, तो उन पर पथराव किया गया।
सरकार का डैमेज कंट्रोल
कॉकरोच जनता पार्टी के बढ़ते दबाव के बीच भाजपा सरकार स्थिति को संभालने की कोशिश कर रही है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा है कि स्कूलों को राजनीति का अखाड़ा नहीं बनाया जाना चाहिए।
वहीं, भाजपा के एक अन्य नेता बेढ़म ने आरोप लगाया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता कॉकरोच जनता पार्टी का मुखौटा पहनकर केवल राजनीति कर रहे हैं और उन्हें स्कूलों की स्थिति से कोई लेना-देना नहीं है।





