कैसे पता चला कि वे पाकिस्तान से ही आए थे- पी. चिदंबरम
चिदंबरम ने कहा, “NIA को इतने दिन हो गए, क्या उसने अब तक आतंकियों की पहचान कर ली है? उन्हें यह कैसे पता चला कि वे पाकिस्तान से ही आए थे? यह भी संभव है कि वे 'होम ग्रोन टेररिस्ट' हों।” उन्होंने सवाल उठाया कि "ऐसे कैसे मान लिया गया कि हमलावर पाकिस्तान से ही थे जबकि कोई ठोस सबूत अभी तक सामने नहीं आया है।"
चिदंबरम का यह बयान ऐसे वक्त में आया है जब संसद में ऑपरेशन सिंदूर पर मैराथन बहस शुरू होने वाली है। इससे पहले ही यह टिप्पणी भाजपा को कांग्रेस पर हमला करने का एक नया अवसर दे गई है।
भाजपा आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “यूपीए के दौर के पूर्व गृह मंत्री और 'भगवा आतंकवाद' की थ्योरी गढ़ने वाले पी चिदंबरम ने एक बार फिर पाकिस्तान को बचाने की कोशिश की है। हर बार जब भारत की सेना आतंक के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करती है, कांग्रेस इस्लामाबाद की वकालत करने लगती है।”
उन्होंने आगे कहा, “राष्ट्र की सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीतिक एकता की ज़रूरत है, लेकिन कांग्रेस का रवैया अक्सर देश के दुश्मनों के पक्ष में झुकता नज़र आता है।”
कांग्रेस की ओर से चिदंबरम के बयान पर अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि संसद में इस मुद्दे को लेकर भाजपा कांग्रेस को घेरने की पूरी तैयारी में है।
इससे पहले भी कांग्रेस के कई नेताओं के बयानों पर विवाद खड़ा हो चुका है। ऐसे में अब जब विपक्ष पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दावों को लेकर सरकार को घेरने की तैयारी में है, भाजपा पी. चिदंबरम के इस बयान को हथियार बनाकर जवाबी हमला करेगी।





