राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई की तैयारी
मनमोहन सिंह का पार्थिव शरीर फिलहाल उनके आवास, 3 मोतीलाल नेहरू रोड, नई दिल्ली पर रखा गया है, जहां श्रद्धांजलि देने वालों की भीड़ उमड़ रही है। सियासी हस्तियों से लेकर आम लोग उन्हें नम आंखों से विदाई दे रहे हैं। शनिवार सुबह 8 बजे उनका पार्थिव शरीर कांग्रेस मुख्यालय लाया जाएगा। सुबह 8:30 से 9:30 बजे तक आम जनता और पार्टी कार्यकर्ता उनके अंतिम दर्शन कर सकेंगे। इसके बाद राजकीय सम्मान के साथ उनकी अंतिम यात्रा शुरू होगी।
देश के आर्थिक सुधारों के शिल्पकार
डॉ. मनमोहन सिंह 2004 से 2014 तक भारत के प्रधानमंत्री रहे। उनके नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था ने नई ऊंचाइयां छुईं। 1991 में वित्त मंत्री के रूप में उन्होंने आर्थिक सुधारों की शुरुआत की, जिसने देश की अर्थव्यवस्था को वैश्विक स्तर पर मजबूती प्रदान की। डॉ. मनमोहन सिंह का सादगीपूर्ण जीवन और उनकी विद्वता उन्हें भारतीय राजनीति और आर्थिक नीति का एक आदर्श चेहरा बनाती है। उनकी उपलब्धियां और देश के प्रति उनकी सेवाएं इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखी जाएंगी।





