हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि आजकल आंबेडकर के नाम का इस्तेमाल केवल वोटों के लिए किया जा रहा है, जो एक फैशन बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में आंबेडकर का अपमान किया, फिर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने उनकी नीली क्रांति को केवल एक फैशन शो बना दिया, और अब अरविंद केजरीवाल ने आंबेडकर की छवि के साथ छेड़छाड़ की।
आकाश आनंद ने कहा कि बीएसपी का मिशन जारी रहेगा और दलित, शोषित और उपेक्षित वर्गों के आत्म-सम्मान के लिए पार्टी संघर्ष करती रहेगी। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि अमित शाह को अपने बयान पर पश्चाताप करना पड़ेगा।
बसपा का भी प्रदर्शन मंगलवार को दिल्ली में है, और पार्टी ने लखनऊ में भी विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है। इस प्रदर्शन के बाद, पार्टी ने राष्ट्रपति को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपने का फैसला किया है।
क्या कहा था अमित शाह ने?
यह विवाद 17 दिसंबर को अमित शाह के संसद में दिए गए भाषण से शुरू हुआ था। राज्यसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान, केंद्रीय गृह मंत्री ने जवाहरलाल नेहरू की कैबिनेट से आंबेडकर के इस्तीफे का उल्लेख किया था। लगभग डेढ़ घंटे के भाषण में, अमित शाह ने कहा, "आजकल एक फैशन हो गया है... आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।"
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि हमें खुशी है कि लोग आंबेडकर का नाम ले रहे हैं, लेकिन आंबेडकर के प्रति उनके भावनाओं का क्या है, ये हम जानते हैं। शाह ने यह भी कहा कि आंबेडकर ने अपनी असहमति जाहिर की थी, चाहे वह अनुसूचित जातियों और जनजातियों के साथ भेदभाव हो, विदेश नीति हो या अनुच्छेद 370। उन्होंने बताया कि आंबेडकर ने इन मुद्दों पर सरकार से आश्वासन प्राप्त नहीं होने के बाद कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था।





