Molitics Logo
होम राष्ट्रीय दिल्ली मेयर चुनाव: BJP उम्मीदवारों का ऐलान, वाही आगे
राष्ट्रीय

दिल्ली मेयर चुनाव: BJP उम्मीदवारों का ऐलान, वाही आगे

दिल्ली मेयर चुनाव में BJP ने मेयर और उप-महापौर उम्मीदवारों का ऐलान किया, प्रवेश वाही और मोनिका पंत पर दांव, मुकाबला एकतरफा होने के आसार

दिल्ली मेयर चुनाव: BJP उम्मीदवारों का ऐलान, वाही आगे
फोटो: Delhi mayor election, BJP mayor candidate
दिल्ली मेयर चुनाव के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) के आगामी मेयर चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी ने रोहिणी से पार्षद प्रवेश वाही को महापौर पद का उम्मीदवार बनाया है, जबकि मोनिका पंत को उप महापौर के लिए चुना गया है। इसके साथ ही जय भगवान यादव को स्थायी समिति का सदस्य और सदन का नेता तथा मनीष चड्ढा को स्थायी समिति का सदस्य बनाने की घोषणा भी हुई है।

दिल्ली मेयर चुनाव 

दिल्ली मेयर चुनाव में इस बार प्रवेश वाही के महापौर बनने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस चुनाव में हिस्सा न लेने का निर्णय लिया है। दिल्ली नगर निगम में अन्य किसी भी पार्टी के पास बहुमत नहीं है, जिससे वाही के निर्विरोध चुने जाने की संभावना बढ़ गई है।

उम्मीदवारों का वार्ड विवरण 

बीजेपी मेयर प्रत्याशी और प्रवेश वाही का नामांकन रोहिणी (वार्ड 53-ई) से किया गया है, जबकि अन्य उम्मीदवारों ने अपने-अपने वार्डों से नामांकन किया है। मोनिका पंत आनंद विहार (वार्ड 206) से, जय भगवान यादव बेगमपुर (वार्ड 27) से और मनीष चड्ढा पहाड़गंज (वार्ड 82) से हैं। पार्टी के सूत्रों के अनुसार, उम्मीदवारों का चयन राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर किया गया है और इसका मकसद राजधानी में स्वच्छता, बुनियादी ढांचा और स्थानीय शासन जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना है।


निर्वाचक मंडल व चुनाव प्रक्रिया


इस साल मेयर चुनाव में कुल 273 वोट होंगे। इनमें 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा नामित 14 विधायक, सात लोकसभा सदस्य और तीन राज्यसभा सदस्य शामिल हैं। किसी उम्मीदवार को जीतने के लिए 137 वोट हासिल करना आवश्यक है। महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के तीन सदस्यों का चुनाव 29 अप्रैल को होगा, जबकि नामांकन प्रक्रिया बृहस्पतिवार शाम पांच बजे तक चलेगी।

स्थानीय प्रशासन पर नजर 

राजधानी दिल्ली में स्थानीय शासन, स्वच्छता और बुनियादी ढांचे के मुद्दे लगातार चर्चा में रहते हैं। BJP का दावा है कि उनके उम्मीदवार इन मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और नगर निगम के कामकाज को मजबूत करेंगे।