Molitics Logo
होम राष्ट्रीय बिहार में बदलाव: BJP क्या बिहार में महिला सीएम बना सकती है?
राष्ट्रीय

बिहार में बदलाव: BJP क्या बिहार में महिला सीएम बना सकती है?

बिहार में सत्ता परिवर्तन की तैयारी के बीच बड़ा सवाल उठ रहा है, BJP क्या बिहार में महिला सीएम बना सकती है? इसी चर्चा पर राजनीतिक हलचल तेज है।

बिहार में बदलाव: BJP क्या बिहार में महिला सीएम बना सकती है?
फोटो: Bihar woman CM, BJP woman candidate
नीतीश कुमार अब राज्यसभा सांसद बन चुके हैं और जल्द ही मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले हैं। बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो गई है और साफ हो गया है कि अगला मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (BJP) से होगा। इस बदलाव के बीच राजनीतिक गलियारों में सवाल उभर रहा है, क्या इस बार बिहार की सत्ता किसी महिला नेता के हाथ में जाएगी और BJP क्या बिहार में महिला सीएम बना सकती है?

BJP क्या महिला CM बना सकती है?

नीतीश कुमार ने अपने लंबे मुख्यमंत्री कार्यकाल में महिलाओं के सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया। उनके कई कदम मील का पत्थर साबित हुए। मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 25 लाख से अधिक महिलाओं को 10 हजार रुपये सीधे उनके खातों में ट्रांसफर किए गए। इसके अलावा बालिका साइकिल योजना, पंचायतों में 50% महिला आरक्षण, सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण और कन्या उत्थान योजना जैसी योजनाओं से करोड़ों महिलाओं को लाभ मिला। महिलाओं का भरोसा नीतीश के नेतृत्व में मजबूत रहा और अब सवाल उठ रहा है कि BJP क्या बिहार में महिला सीएम बना सकती है और इस ट्रेंड को आगे बढ़ा सकती है।

BJP में महिला मुख्यमंत्री की संभावना

देश के अन्य राज्यों में महिला नेताओं की बढ़ती भूमिका ने पार्टी को यह दिखा दिया है कि महिलाएं सत्ता में निर्णायक भूमिका निभा सकती हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली के चुनाव इसका ताजा उदाहरण हैं। बिहार में 2025 के विधानसभा चुनाव के बाद बिहार के मुख्यमंत्री की अटकलें तेज हैं और बीजेपी महिला उम्मीदवार को लेकर भी चर्चाएं बढ़ गई हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेतृत्व और दिल्ली से आए केंद्रीय पर्यवेक्षक आज पटना में विधायक दल की बैठक में नए मुख्यमंत्री के चुनाव को अंतिम रूप देंगे।

चर्चित महिला नेताओं के नाम

रेणु देवी: 66 वर्षीय रेणु देवी बेतिया से चार बार विधायक और 2020-2022 तक बिहार की पहली महिला उप मुख्यमंत्री रह चुकी हैं। नोनिया जाति से आने वाली रेणु देवी भाजपा की पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं।

रमा निषाद: 58 वर्षीय रमा निषाद मुजफ्फरपुर के औरई से विधायक हैं। पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के बीच इनकी पकड़ मजबूत है।

श्रेयसी सिंह: 34 वर्षीय अर्जुन पुरस्कार विजेता और कॉमनवेल्थ गोल्ड मेडलिस्ट, जमुई से दो बार विधायक रह चुकी हैं। युवा और महिला वोट बैंक दोनों के लिए उपयुक्त।

गायत्री देवी: 62 वर्षीय गायत्री देवी, यदुवंश समुदाय से आती हैं और साढ़े तीन दशक से राजनीति में सक्रिय हैं।

अरुणा देवी: 49 वर्षीय वारसलिगंज से विधायक, महिलाओं के मुद्दों पर काम करने वाली और नई पीढ़ी की चेहरा।

मैथिली ठाकुर: 25 वर्षीय मैथिली लोक गायिका, अलीनगर से विधायक, युवा और महिला वोट बैंक के लिए प्रमुख विकल्प।

अन्य चर्चित नामों में डॉ रश्मि वर्मा और निक्की हेम्ब्रम शामिल हैं, जो सामाजिक और जातीय समीकरण के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं।

महिला नेतृत्व से जुड़े राजनीतिक संदेश 

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि BJP किसी महिला नेता को मुख्यमंत्री बनाती है, तो यह महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास के एजेंडा को आगे बढ़ाने का संकेत होगा। जातीय समीकरण, युवा अपील और महिला वोट बैंक को संतुलित करने के लिहाज से यह कदम रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होगा। हालांकि, अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन आज नए मुख्यमंत्री का नाम तय होने की संभावना है।

Read This Also:- 
 अंबेडकर जयंती पर नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर PM मोदी का पत्र