अमित शाह की अखिलेश यादव से तीखी बहस
सदन में तब तनाव बढ़ गया जब सपा सांसद अखिलेश यादव ने बीच में टोका और कहा कि 'आका तो पाकिस्तान है।' इस पर अमित शाह ने पलटवार करते हुए कहा, "क्या आपकी पाकिस्तान से बात होती है?" इस टिप्पणी के बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया, लेकिन स्पीकर ओम बिड़ला ने गृह मंत्री को अपना बयान जारी रखने को कहा। शाह ने विपक्ष को निशाने पर लेते हुए कहा, "मुझे लगा था कि आतंकियों के मारे जाने की खबर सुनकर सदन में खुशी की लहर दौड़ेगी, लेकिन कुछ सांसदों के चेहरे मुरझा गए।" उन्होंने अखिलेश यादव की ओर इशारा करते हुए कहा, "आप आतंकियों का धर्म देखकर दुखी मत होइए।"
आपके समय कितने आतंकी भागे- अमित शाह
अमित शाह ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा, "आप बार-बार हमसे पूछते हैं कि आतंकी कहां से आए, कैसे भागे। लेकिन जब आप सत्ता में थे, तब दाऊद इब्राहिम, सैयद सलाउद्दीन और टाइगर मेनन जैसे आतंकी देश छोड़कर भागे आपने तब क्या किया?"
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले में शहीद हुए नागरिकों के परिजनों से मिलना उनके लिए एक बेहद भावुक अनुभव रहा। शाह ने कहा, "एक नवविवाहिता, जिसकी शादी को महज छह दिन हुए थे, विधवा होकर मेरे सामने खड़ी थी — वो दृश्य मैं कभी नहीं भूल सकता।"
अमित शाह ने कहा कि खुफिया इनपुट और इलेक्ट्रॉनिक सेंसर्स की मदद से आतंकियों की मौजूदगी का पता चला था। इसके आधार पर 22 जुलाई को ऑपरेशन शुरू किया गया और आतंकियों — सुलेमान, अफजान और जिबरान को मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि बरामद हथियारों और गिरफ्तार सहयोगियों की गवाही से आतंकियों की पहचान की गई है, और FSL रिपोर्ट ने पुष्टि कर दी है कि बरामद कारतूस वही हैं जो पहलगाम हमले में इस्तेमाल हुए थे। शाह ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ऑपरेशन सिंदूर के जरिए उन ताकतों को निशाना बनाया गया जो आतंकियों को भेजने के पीछे थीं। उन्होंने कहा, "हमने सिर्फ हमलावरों को नहीं, उन्हें भेजने वालों के ठिकानों को भी तबाह कर दिया है।"





