अमेरिका की एक अदालत ने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और RAW के पूर्व प्रमुख सामंत गोयल को कानूनी समन पहुंचाने के लिए दिल्ली की तीन जिला अदालतों की मदद लेने का रास्ता खोल दिया है। न्यूयॉर्क की सदर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट की जज कैथरीन पोल्क फैला ने 9 नवंबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया। इसके तहत पटियाला हाउस, द्वारका और तीस हजारी अदालतों के जरिए कानूनी दस्तावेज़ पहुंचाने की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है।
यह मामला खालिस्तान समर्थक संगठन सिख्स फॉर जस्टिस (SFJ) के संस्थापक गुरपतवंत सिंह पन्नू की ओर से अमेरिका में दायर दीवानी मुकदमे से जुड़ा है। पन्नू ने सितंबर 2024 में भारत सरकार, अजीत डोभाल, सामंत गोयल, पूर्व RAW अधिकारी विकास यादव, भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। आरोप है कि न्यूयॉर्क स्थित उसके घर पर उसकी हत्या की साज़िश रची गई थी। पन्नू का दावा है कि खालिस्तान की मांग से जुड़ी उसकी गतिविधियों के कारण उसे निशाना बनाया जाना था।
हालांकि, भारत सरकार इन आरोपों को खारिज कर चुकी है। यहां यह समझना ज़रूरी है कि अमेरिकी अदालत का 9 नवंबर का आदेश आरोपों को सही ठहराने या किसी अधिकारी को दोषी घोषित करने से संबंधित नहीं है। यह केवल कानूनी समन पहुंचाने की प्रक्रिया से जुड़ा है। इस दीवानी मुकदमे में अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं आया है।
पहले समन पहुंचाने की कोशिशें क्यों नाकाम हुईं?
अमेरिकी अदालत को अब दिल्ली की अदालतों की मदद क्यों लेनी पड़ रही है? इसकी वजह है कि समन पहुंचाने के पहले किए गए प्रयास सफल नहीं हो सके।
फरवरी 2025 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अमेरिका दौरे के दौरान अजीत डोभाल भी भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ मौजूद थे। उस समय पन्नू के वकीलों ने उन्हें व्यक्तिगत रूप से समन देने की तीन कोशिशें की थीं, लेकिन सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों की वजह से दस्तावेज़ उन तक नहीं पहुंचाए जा सके।
इसके बाद भारत के कानून एवं न्याय मंत्रालय के जरिए डोभाल, सामंत गोयल और विकास यादव तक कानूनी दस्तावेज़ पहुंचाने की कोशिश की गई। इसके लिए हेग सर्विस कन्वेंशन की प्रक्रिया अपनाई गई।
हेग सर्विस कन्वेंशन एक अंतरराष्ट्रीय समझौता है, जिसके तहत एक देश की अदालत दूसरे देश में मौजूद किसी व्यक्ति तक कानूनी नोटिस या समन पहुंचाने के लिए निर्धारित प्रक्रिया अपनाती है। इसके लिए सदस्य देशों में एक Central Authority होती है। भारत में यह जिम्मेदारी कानून एवं न्याय मंत्रालय की है। लेकिन इस मामले में इस प्रक्रिया के जरिए समन पहुंचाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया गया।
इसके बाद न्यूयॉर्क की अदालत ने हेग कन्वेंशन के अनुच्छेद 19 और भारत की सिविल प्रक्रिया संहिता (Code of Civil Procedure) के प्रावधानों के आधार पर वैकल्पिक रास्ता अपनाने की अनुमति दी। अनुच्छेद 19 उन दूसरे तरीकों की गुंजाइश देता है, जिनकी अनुमति संबंधित देश का कानून देता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि कोई विदेशी अदालत अपने आदेश को सीधे भारत में लागू कर सकती है।
9 नवंबर के आदेश के तहत पन्नू को 30 नवंबर 2026 तक कुछ जरूरी दस्तावेज़ अदालत में जमा करने होंगे। इनमें डोभाल और गोयल के लिए समन की प्रस्तावित प्रतियां, उन्हें पहुंचाने की प्रक्रिया, भारत के संबंधित कानूनी प्रावधान और पहले किए गए असफल प्रयासों का रिकॉर्ड शामिल है। इन दस्तावेज़ों की समीक्षा और मंजूरी के बाद अमेरिकी अदालत का क्लर्क उन्हें अंतरराष्ट्रीय डाक या कूरियर के जरिए दिल्ली की संबंधित अदालतों तक भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा।
भारत सरकार ने क्या कहा?
इस पूरे मामले पर भारत सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। 10 नवंबर 2026 को विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत अपने वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण आरोपों को पूरी तरह खारिज करता है। उन्होंने पन्नू के मुकदमे को भी निराधार बताया।
इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में विदेशी अदालतों के न्यायिक दस्तावेज़ों की तामील के अनुरोध निर्धारित Central Authority यानी कानून एवं न्याय मंत्रालय के जरिए ही भेजे जाने चाहिए।
यानी एक तरफ अमेरिकी अदालत वैकल्पिक प्रक्रिया के तहत दिल्ली की जिला अदालतों की मदद लेना चाहती है, वहीं दूसरी तरफ भारत सरकार का कहना है कि विदेशी अदालतों के दस्तावेज़ पहुंचाने के लिए निर्धारित केंद्रीय प्रक्रिया का ही पालन होना चाहिए। ऐसे में यह देखना अहम होगा कि इस कानूनी प्रक्रिया पर आगे क्या रुख अपनाया जाता है।
भारत सरकार और अधिकारियों को समन भेजने में क्या फर्क है?
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। अमेरिकी विदेश विभाग ने अक्टूबर 2026 में पन्नू के मुकदमे से जुड़े समन और शिकायत के दस्तावेज़ वॉशिंगटन स्थित भारतीय दूतावास को सौंपे थे। अमेरिकी विदेश विभाग ने 20 अक्टूबर को इसकी जानकारी अदालत को दी थी। रिकॉर्ड के मुताबिक, 30 सितंबर को एक Diplomatic Note तैयार किया गया था और 9 अक्टूबर को भारतीय दूतावास को दस्तावेज़ सौंपे गए थे।
लेकिन यहां दोनों प्रक्रियाओं के बीच अंतर समझना जरूरी है। भारतीय दूतावास को दिए गए दस्तावेज़ भारत सरकार के खिलाफ दायर मुकदमे से जुड़े थे, जबकि दिल्ली की जिला अदालतों की मदद लेने वाला 9 नवंबर का आदेश अजीत डोभाल और सामंत गोयल को उनकी व्यक्तिगत हैसियत में समन पहुंचाने से संबंधित है।
किसी देश की सरकार और उसके अधिकारियों को व्यक्तिगत तौर पर समन भेजना दो अलग कानूनी प्रक्रियाएं हैं। दोनों पर अलग-अलग नियम और कानूनी आपत्तियां लागू हो सकती हैं।
निखिल गुप्ता और विकास यादव का मामला क्या है?
पन्नू की कथित हत्या की साज़िश को लेकर अमेरिका में एक अलग आपराधिक मामला भी चल रहा है। अमेरिकी अभियोजकों का आरोप है कि भारत सरकार के पूर्व कर्मचारी विकास यादव ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता के साथ मिलकर पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी।
अभियोजन पक्ष के मुताबिक, यादव के निर्देश पर गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया था, जिसे वह सुपारी लेकर हत्या करने वाला समझ रहा था। लेकिन अमेरिकी जांच एजेंसियों का दावा है कि वह व्यक्ति असल में Drug Enforcement Administration (DEA) का अंडरकवर अधिकारी था।
इस मामले में 13 फरवरी 2026 को निखिल गुप्ता ने अमेरिकी अदालत में तीन आरोपों को स्वीकार कर लिया। इनमें हत्या के लिए सुपारी देने की साज़िश, हत्या के लिए सुपारी देना और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश शामिल हैं। अमेरिकी अभियोजकों ने उसके लिए 24 साल की जेल की सज़ा की मांग की है और सज़ा सुनाने के लिए 20 नवंबर 2026 की तारीख तय की गई थी।
हालांकि, निखिल गुप्ता का आपराधिक मामला और पन्नू का दीवानी मुकदमा अलग-अलग हैं। गुप्ता की अपराध स्वीकार करने की बात को दूसरे आरोपियों की दोषसिद्धि नहीं माना जा सकता। दीवानी मुकदमे में दूसरे प्रतिवादियों की कानूनी जिम्मेदारी अलग से तय होनी है।
मनमोहन सिंह के खिलाफ भी अमेरिका में दायर हुआ था मुकदमा
अमेरिका में किसी भारतीय प्रधानमंत्री या वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ दीवानी मुकदमा दायर होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 2013 में तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के खिलाफ भी सिख्स फॉर जस्टिस ने अमेरिकी अदालत में मुकदमा दायर किया था।
सितंबर 2013 में संगठन ने वॉशिंगटन डीसी की फेडरल अदालत में मानवाधिकार उल्लंघन के आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें 1984 के सिख विरोधी दंगों, पंजाब में सिखों के खिलाफ कथित मानवाधिकार उल्लंघनों और ऐसे मामलों में जिम्मेदार लोगों को संरक्षण देने के आरोप शामिल थे। संगठन का दावा था कि मनमोहन सिंह की अलग-अलग सरकारी भूमिकाओं के दौरान ऐसे अधिकारियों और व्यक्तियों को संरक्षण तथा आर्थिक मदद दी गई, जिन पर सिखों के खिलाफ अत्याचार के आरोप थे।
हालांकि, ये संगठन की ओर से लगाए गए आरोप थे, जिन्हें अदालत ने साबित हुए तथ्य नहीं माना था। सितंबर 2013 में मनमोहन सिंह के अमेरिका दौरे के दौरान अमेरिकी अदालत ने उनके खिलाफ समन भी जारी किया था।
इसके बाद 2014 में अमेरिकी न्याय विभाग ने अदालत के सामने दलील दी कि मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री के तौर पर किए गए आधिकारिक कार्यों के संबंध में कानूनी संरक्षण प्राप्त है। इसे कानूनी भाषा में Immunity कहा जाता है।
अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत कुछ परिस्थितियों में विदेशी राष्ट्राध्यक्षों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों को उनके आधिकारिक कामों के संबंध में दूसरे देश की अदालतों में मुकदमे से संरक्षण मिल सकता है। हालांकि, यह संरक्षण व्यक्ति के पद, आरोपों की प्रकृति और लागू कानून पर निर्भर करता है।
अमेरिकी अदालत ने मनमोहन सिंह के खिलाफ आधिकारिक कार्यों से जुड़े दावों पर इस संरक्षण को स्वीकार किया और संबंधित दावे खारिज कर दिए। मुकदमा दायर करने वाले पक्ष की कानूनी पात्रता को लेकर भी आपत्तियां स्वीकार की गईं।
क्या डोभाल और गोयल को भी मिल सकती है कानूनी Immunity?
मनमोहन सिंह का पुराना मामला अब डोभाल और गोयल से जुड़े मुकदमे में भी महत्वपूर्ण हो सकता है। सवाल है कि अगर अमेरिकी अदालत दोनों अधिकारियों तक समन पहुंचाने में कामयाब हो जाती है, तो क्या वे भी अपने आधिकारिक पद और जिम्मेदारियों के आधार पर कानूनी संरक्षण यानी Immunity का दावा कर सकते हैं?
हालांकि, दोनों मामले कानूनी तौर पर एक जैसे नहीं हैं। आरोपों की प्रकृति, अधिकारियों की हैसियत और मुकदमे की परिस्थितियां अलग हैं। इसलिए मनमोहन सिंह के मामले में आए फैसले के आधार पर मौजूदा मुकदमे का नतीजा तय नहीं किया जा सकता।
फिलहाल इस पूरे मामले में दो बड़े सवाल हैं। पहला, क्या अमेरिकी अदालत की वैकल्पिक प्रक्रिया के तहत अजीत डोभाल और सामंत गोयल तक कानूनी समन पहुंच पाएगा? दूसरा, अगर समन पहुंच जाता है, तो क्या मुकदमा आरोपों और सबूतों की जांच तक पहुंचेगा या उससे पहले ही अधिकार क्षेत्र और कानूनी संरक्षण जैसे सवालों पर फैसला हो जाएगा?
इस पूरी खबर को वीडियो फॉर्मेट में देखिए के लिए, क्लिक करें नीचे दिए गए लिंक पर - https://youtu.be/IdpJgWA_G28?si=tsrwwafRIFr-OMd0





