भरोसे का संकल्प पत्र: अमित शाह
अमित शाह ने कहा, "हम 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए संकल्प पत्र का अंतिम संस्करण प्रस्तुत करने आए हैं। बीजेपी के लिए संकल्प पत्र महज वादों का दस्तावेज़ नहीं, बल्कि भरोसे और हासिल करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। यह झूठी उम्मीदें बेचने का माध्यम नहीं है।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले वर्षों की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा, "2014 से पीएम मोदी ने प्रदर्शन की राजनीति को बढ़ावा दिया है, और उसी दिशा में बीजेपी काम कर रही है।"
केंद्रीय गृह मंत्री ने बताया कि पार्टी ने संकल्प पत्र तैयार करने से पहले राजधानी के विभिन्न वर्गों के मतदाताओं से संपर्क किया। "युवा, महिलाएं, झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले लोग—सभी से मुलाकात की गई और 1 लाख 8 हज़ार सुझाव प्राप्त किए। इनपर विचार कर 62 खंडों में चर्चा की गई। हमारा संकल्प पत्र पूरे दिल्लीवासियों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है।"
केजरीवाल पर तीखा वार
अरविंद केजरीवाल पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कहा, "केजरीवाल वादे तो बड़े-बड़े करते हैं, लेकिन उन्हें पूरा नहीं करते। जब जनता जवाब मांगती है, तो मासूम चेहरे के साथ सफाई देने आ जाते हैं।" उन्होंने केजरीवाल के बंगले के खर्च का मुद्दा उठाते हुए कहा, "केजरीवाल ने कहा था कि वे सरकारी बंगला नहीं लेंगे, लेकिन उसी बंगले की साज-सज्जा पर 51 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। इसका जवाब आज दिल्ली की जनता मांग रही है।"
अमित शाह ने आरोप लगाया कि केजरीवाल सरकार ने स्कूल, मंदिर और गुरुद्वारों तक को नहीं बख्शा और हर जगह शराब की दुकानें खोल दीं। उन्होंने कहा, "दिल्ली की जनता यह सब देख रही है और अपने मत से सही जवाब देगी।" अमित शाह ने कहा कि बीजेपी का संकल्प पत्र केवल वादों तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पार्टी अपने हर वादे को पूरा करती है। उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली के बजट का सावधानीपूर्वक विश्लेषण करने के बाद ही यह संकल्प पत्र तैयार किया गया है। "बीजेपी का हर वादा काम करने की नीति पर आधारित है, न कि झूठे सपने दिखाने पर।"
Read This Also:- Delhi Polls: AAP का नया पोस्टर, राहुल गांधी को बताया 'बेईमानों' की सूची का हिस्सा
Read This Also:- Delhi Polls: AAP का नया पोस्टर, राहुल गांधी को बताया 'बेईमानों' की सूची का हिस्सा





