Molitics Logo
होम चुनाव Bypoll Results: लुधियाना में AAP के संजीव अरोड़ा की जीत, क्या केजरीवाल अब जाएंगे राज्यसभा?
चुनाव

Bypoll Results: लुधियाना में AAP के संजीव अरोड़ा की जीत, क्या केजरीवाल अब जाएंगे राज्यसभा?

संजीव अरोड़ा ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी, जो अंतिम राउंड तक बरकरार रही। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा को कुल 35,179 वोट मिले |

Bypoll Results: लुधियाना में AAP  के संजीव अरोड़ा की जीत, क्या केजरीवाल अब जाएंगे राज्यसभा?
फोटो: Bypoll Results: लुधियाना में AAP के संजीव अरोड़ा की जीत, क्या केजरीवाल अब जाएंगे राज्यसभा?
लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) ने एक बड़ी और प्रतीकात्मक जीत दर्ज की है। पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने कांग्रेस के दिग्गज नेता भारत भूषण आशु को कड़े मुकाबले में हराकर लगभग 10,637 वोटों के अंतर से जीत हासिल की। इस उपचुनाव को पंजाब की सियासत में एक सेमीफाइनल की तरह देखा जा रहा था, खासकर 2027 के विधानसभा चुनावों की तैयारी के लिहाज़ से।

संजीव अरोड़ा ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी, जो अंतिम राउंड तक बरकरार रही। चुनाव आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, संजीव अरोड़ा को कुल 35,179 वोट मिले, जबकि कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 24,542 मत प्राप्त हुए। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले और वह तीसरे स्थान पर रहे। शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मण को सिर्फ 8,203 वोट ही मिल पाए। चुनाव में 793 मतदाताओं ने 'नोटा' (None of the Above) का विकल्प चुना।

इस उपचुनाव की खास बात यह रही कि खुद मुख्यमंत्री भगवंत मान, पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने प्रचार की कमान संभाली थी। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की सक्रिय भागीदारी ने न सिर्फ आप के कार्यकर्ताओं में जोश भरा, बल्कि मतदाताओं के बीच यह संदेश भी गया कि पार्टी इस सीट को बेहद अहम मान रही है।

संजीव अरोड़ा की जीत के साथ ही राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई है, क्योंकि वह इससे पहले राज्यसभा के सदस्य थे। अब इस सीट पर नया नामांकन होगा और इसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा जोरों पर है। कयास लगाए जा रहे हैं कि आम आदमी पार्टी इस अवसर का उपयोग पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल या वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया को राज्यसभा भेजने के लिए कर सकती है। यह निर्णय पार्टी की राष्ट्रीय राजनीति में भविष्य की रणनीति को भी प्रभावित कर सकता है।