सेंट्रल रेलवे के सीपीआरओ स्वप्निल धनराज नीला ने बताया,
"मुंब्रा से दिवा की ओर जा रही लोकल ट्रेन में यात्रा कर रहे आठ यात्रियों के गिरने की सूचना मिली है। कसारा की ओर जा रही एक लोकल ट्रेन के गार्ड ने घटना की जानकारी दी थी। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
रेलवे के अनुसार, कसारा की ओर जाने वाली लोकल ट्रेन में कुछ यात्री फुटबोर्ड पर लटककर यात्रा कर रहे थे। वहीं, सीएसएमटी की ओर आने वाली दूसरी लोकल ट्रेन के यात्री भी इसी तरह यात्रा कर रहे थे। दोनों ट्रेनों के बीच अत्यधिक नजदीकी के कारण यात्री एक-दूसरे से टकरा गए और कई लोग संतुलन खोकर नीचे गिर पड़े।
मृतकों की अब तक औपचारिक पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, सभी यात्री दैनिक यात्रा करने वाले थे। रेलवे और प्रशासनिक अधिकारी घटना की विस्तृत जांच में जुटे हैं ताकि हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी तय की जा सके।





