कांग्रेस का शाही परिवार सबसे भ्रष्ट
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस का शाही परिवार देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है और जब हाईकमान भ्रष्टाचारी होता है तो नीचे लूट का खुला लाइसेंस मिल ही जाता है। यहां किसानों की जमीनों को लूटा गया। प्रदेश को दलालों और दामादों के हवाले कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 60 साल देश पर राज किया लेकिन उसे कभी देश की बेटियों की चिंता नहीं हुई।
पीएम ने कहा कि कांग्रेस शासित हर राज्य में उनके मुख्यमंत्री झगड़ों में उलझे हुए हैं, उनको जनता की तकलीफ से कोई लेना देना नहीं है। कर्नाटक के सीएम और डिप्टी सीएम आपस की लड़ाई में बिजी हैं। तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश में भी यहीं हाल हैं। इसलिए हरियाणा को भी बहुत सावधान रहना चाहिए। गलती से भी कांग्रेस आ गई तो अपने झगड़ों में हरियाणा को बर्बाद करके छोड़ेंगे। यहां पर कांग्रेस में जिस तरह झगड़े बढ़ रहे हैं, पूरा हरियाणा देख रहा है। कांग्रेस को वोट देना यानी हरियाणा के विकास को दांव पर लगाना है।
कांग्रेस है आरक्षण विरोधी
पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने दलितों, पिछड़ों, शोषितों के साथ हमेशा से धोखा किया। 2014 में जब हुड्डा जी यहां सीएम हुआ करते थे, तब ऐसा कोई साल नहीं था जब दलितों के साथ अन्याय नहीं हुआ। अनेक दलितों के साथ अन्याय हुआ। आज हरियाणा का दलित समाज एक बार फिर हरियाणा के अंदर कांग्रेस का जो ड्रामा चल रहा है उसे देख रहा है। कांग्रेस ने हमेशा ही गरीब और पिछड़ों को विकास से बाहर रखा है।
पीएम ने कहा कि जब-जब कांग्रेस सरकार से दूर रही है तब-तब गरीबों को उनका हक मिला है, जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है गरीबों और दलितों का हक छीना गया है। आरक्षण का विरोध कांग्रेस के डीएनए में है। इसलिए हम देखते हैं कि कांग्रेस के शाही परिवार की चौथी पीढ़ी भी आरक्षण का विरोध कर रही है। मुझे खुशी है कि हरियाणा के लोग इतने समझदार हैं, जितने ये समझते हैं, उतना कोई नहीं समझता है। इसलिए हरियाणा में वही सरकार बनती है, जिसकी दिल्ली में सरकार होती है।





